Abhay Pratap Singh | March 11, 2024 | 07:02 PM IST | 1 min read
झारखंड सीएसई प्रीलिम्स एग्जाम 2024 के लिए एडमिट कार्ड 12 मार्च को आधिकारिक वेबसाइट jpsc.gov.in पर जारी किया जाएगा।
नई दिल्ली: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने झारखंड संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2024 में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए एग्जाम डेट की घोषणा कर दी है। जेपीएससी सीएसई 2024 परीक्षा का आयोजन 17 मार्च को दो पालियों में किया जाएगा।
झारखंड संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2024 के लिए कल यानी 12 मार्च को जेपीएससी द्वारा एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। उम्मीदवार जेपीएससी सीएसई एडमिट कार्ड 2024 आधिकारिक वेबसाइट jpsc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे।
जेपीएससी सीएसई प्रीलिम्स एग्जाम 2024 का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। जबकि द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक दो घंटे की अवधि के लिए झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों में आयोजित की जाएगी।
बताया गया कि झारखंड सिविल सेवा परीक्षा 2024 में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ एक सरकारी पहचान पत्र, अटेंडेंस शीट का प्रिंटआउट और दो पासपोर्ट साइज फोटो ले जाना अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट देख सकते हैं।
जेपीएससी सीएसई भर्ती 2024 के तहत उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण उम्मीदवारों को ही जेपीएससी सीएसई मेन एग्जाम 2024 में शामिल किया जाएगा। अंतिम मेरिट सूची मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर जारी की जाएगी।