Press Trust of India | September 19, 2026 | 05:20 PM IST | 2 mins read
एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को पवई परिसर के छात्रावास संख्या-4 में वाकोडे का शव छत के पंखे से लटका हुआ मिला।

नई दिल्ली: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIR) मुंबई के 22 वर्षीय एक छात्र ने परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के बाद छात्रावास के कमरे में आत्महत्या कर ली। आईआईटी मुंबई के एक बयान के अनुसार, महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के निवासी साहिल रवींद्र वाकोडे ने परीक्षा के दौरान उत्तर के लिए परीक्षा का प्रश्न-पत्र ‘चैटजीपीटी’ पर अपलोड किया था।
पुलिस ने बताया कि वाकोडे ऊर्जा विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग में बीटेक पाठ्यक्रम के द्वितीय वर्ष का छात्र था। एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को पवई परिसर के छात्रावास संख्या-4 में वाकोडे का शव छत के पंखे से लटका हुआ मिला।
उन्होंने बताया कि मौत का पता तब चला जब छात्रावास में रहने वाले उसके साथियों ने देखा कि उसके कमरे से कोई जवाब नहीं मिल रहा है और उन्होंने अधिकारियों को सूचित किया, जिन्होंने फिर पुलिस को खबर दी। अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पवई पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस घटना के बाद परिसर में विरोध-प्रदर्शन भी हुए और छात्रों ने मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की मांग की। आईआईटी मुंबई ने शुक्रवार देर रात जारी एक बयान में कहा कि छात्र दिन में परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया था। लेकिन उसके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी।
Also readNoida MBA Student Suicide: नोएडा में एमबीए छात्र ने बिल्डिंग की 22वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या
बयान के मुताबिक ‘इंस्ट्रक्टर’ और विभागाध्यक्ष ने छात्र से इस मामले पर बात की और उसे समझाया, साथ ही भरोसा दिलाया कि इस घटना का उसके शैक्षणिक करियर पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा। संस्थान ने कहा कि इसके बाद वह अपने छात्रावास के कमरे में लौट आया और शाम को मृत पाया गया।
बयान के मुताबिक कि मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। मुंबई के पवई स्थित आईआईटी परिसर में गत सात महीने में किसी छात्र द्वारा आत्महत्या करने का यह तीसरा मामला है। फरवरी में, छात्रावास में बीटेक द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली थी। जुलाई 2026 में भी नए सेमेस्टर की शुरुआत में बीटेक द्वितीय वर्ष के 20 वर्षीय छात्र ने अपनी जान दे दी थी।
यदि आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिनके आत्मघाती कदम उठाने की आशंका है तो उनसे संवाद करें और समझाएं। आत्महत्या के विचार आने पर पीड़ित व्यक्ति सहायता और परामर्श के लिए हेल्पलाइन नंबर 9820466726 पर कॉल कर सकते हैं या फिर AASRA की आधिकारिक वेबसाइट http://www.aasra.info/ की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा, 9152987821 भी कॉल कर सकते हैं। यहां आत्महत्या रोकने के लिए सक्रिय कुछ और संगठनों के हेल्पलाइन नंबर दिए गए हैं जो ऐसे लोगों की मदद कर सकते हैं।