Saurabh Pandey | September 14, 2026 | 08:56 AM IST | 1 min read
कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन करने की अंतिम तिथि कल 15 सितंबर है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट iimcat.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

नई दिल्ली : इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) द्वारा कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन की समय-सीमा कल 15 सितंबर शाम 5 बजे समाप्त हो रही है। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन फॉर्म नहीं जमा किया है, वे अंतिम तिथि से पहले इसे भरकर कैट की आधिकारिक वेबसाइट iimcat.ac.in पर जाकर सबमिट कर दें।
जनरल, ईडब्ल्यूएस, एनसी-ओबीसी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 2,700 रुपये है और एससी, एसटी और PwBD उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,350 रुपये है। उम्मीदवार अपनी पसंद के क्रम में पांच अलग-अलग परीक्षा शहरों को चुन सकते हैं। उपलब्धता के आधार पर इनमें से कोई एक शहर आवंटित किया जाएगा।
परीक्षा शुल्क का भुगतान करने से पहले, उम्मीदवारों को आवेदन का प्रीव्यू देखना चाहिए और जानकारी की पुष्टि करनी चाहिए। सफल भुगतान के बाद, एक कन्फर्मेशन ईमेल और एसएमएस भेजा जाएगा।
आईआईएम इंदौर 29 नवंबर को लगभग 170 परीक्षा शहरों में तीन सत्रों में कैट 2026 परीक्षा आयोजित करेगा। आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को पांच पसंदीदा शहरों का चयन करने का विकल्प मिलेगा। उम्मीदवारों को इस बात का ध्यान रखना होगा कि एक बार परीक्षा केंद्र आवंटित हो जाने के बाद, उसमें कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा। CAT 2026 का परिणाम जनवरी में घोषित किया जाएगा और स्कोर 31 दिसंबर, 2027 तक मान्य रहेगा।