Saurabh Pandey | August 14, 2026 | 09:38 AM IST | 2 mins read
विश्वविद्यालय ने चार साल के स्नातक पाठ्यक्रम (FYUP) से उत्तीर्ण छात्रों के लिए 9 एक-वर्षीय पोस्टग्रेजुएट प्रोग्राम्स की घोषणा की है। यह पहल छात्रों के समय की बचत करने के साथ-साथ उनके करियर को तेजी से आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगी।

नई दिल्ली : इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (IGNOU) ने 4-वर्षीय अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम (FYUP) पूरा करने वाले छात्रों के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। इग्नू ने ऐसे स्नातकों के लिए 9 नए एक-वर्षीय मास्टर्स डिग्री प्रोग्राम्स की शुरुआत की है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत शुरू किए गए ये कोर्स छात्रों को केवल एक साल में अपनी पोस्टग्रेजुएशन पूरी करने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करेंगे।
यूनिवर्सिटी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए एक नोटिस जारी करके अपने वन-ईयर मास्टर्स प्रोग्राम के लिए एप्लीकेशन प्रोसेस शुरू होने की घोषणा की। ये प्रोग्राम फ्लेक्सिबल, सीखने वालों पर केंद्रित और मल्टीडिसिप्लिनरी (कई विषयों वाले) विकल्प देते हैं।
इन कोर्सेस के लिए केवल वे ग्रेजुएट जिन्होंने चार साल का अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम (FYUP) पूरा किया है, वे ही आवेदन करने के पात्र हैं। यह पहल छात्रों को तेजी से पीजी करने का रास्ता और विषय चुनने की सुविधा देती है। यह प्रोग्राम यूनिवर्सिटी ने लागू यूजीसी नोटिफिकेशन के अनुसार और हायर एजुकेशन में NEP 2020 के विजन को आगे बढ़ाने के लिए इग्नू की कोशिशों के तहत शुरू किया है।
यूजीसी के पहले जारी किए गए आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, जो कॉलेज या यूनिवर्सिटी पहले से ही यूजीसी से दो साल का पीजी प्रोग्राम चलाने के लिए मान्यता प्राप्त या अधिकृत हैं, वे उसी विषय में एक साल का पीजी प्रोग्राम चला सकते हैं।
छात्र जुलाई 2026 सत्र के तहत IGNOU के एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए 16 अगस्त तक पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के दौरान छात्रों को अपना APAAR ID दर्ज करना होगा। इस कोर्स का फायदा उन उम्मीदवारों को मिलेगा जो वर्किंग प्रोफेशनल हैं और डिग्री हासिल करके किसी अन्य नौकरी के लिए अप्लाई करना चाहते हैं।