Delhi School Blast: दिल्ली में सीआरपीएफ स्कूल के पास जोरदार धमाका; एनएसजी और एनआईए की टीम मौके पर पहुंची
Press Trust of India | October 20, 2024 | 07:04 PM IST | 4 mins read
सीआरपीएफ स्कूल के बाहर के इलाके का निरीक्षण कर रहे फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल पर संदिग्ध ‘सफेद पाउडर’ बरामद किया।
नई दिल्ली: दिल्ली में रोहिणी के प्रशांत विहार इलाके में सीआरपीएफ स्कूल के पास रविवार सुबह एक जोरदार धमाका हुआ, हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि रोहिणी के सेक्टर-14 में सीआरपीएफ स्कूल के पास सुबह करीब 7:50 बजे धमाका हुआ था, जिसके बाद बम निरोधक दस्ता और पुलिस की एक फोरेंसिक टीम विस्फोट होने के कारण का पता लगाने के लिए मौके पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) और राष्ट्रीय सुरक्षा गारद (NSG) के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि इस धमाके में स्कूल की दीवार, पास की दुकानें और एक कार को नुकसान पहुंचा है। घटनास्थल पर धुएं का गुबार उठता हुआ नजर आया। विस्फोट के बाद का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें घना सफेद धुआं नजर आ रहा है।
सीआरपीएफ स्कूल के पास धमाका -
दिल्ली पुलिस ने बताया कि वे मोबाइल नेटवर्क का डेटा एकत्र कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि विस्फोट के समय आसपास कौन-कौन मौजूद थे। उसने कहा कि ऐसा संदेह है कि एक देसी बम के कारण यह धमाका हो सकता है। सीआरपीएफ स्कूल के बाहर के इलाके का निरीक्षण कर रहे फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल पर संदिग्ध ‘सफेद पाउडर’ बरामद किया और उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। उन्होंने स्कूल की दीवार के पास एक गड्ढा भी खोदा है और मिट्टी के नमूने भी ले गए हैं। एनएसजी अधिकारियों ने घटनास्थल से बरामद कुछ सामग्री भी जांच के लिए भेज दी है।
एनएसजी, एनआईए और दिल्ली पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की -
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘यह किसी तरह का विस्फोटक है या कुछ और है, इसका पता तभी चल पाएगा जब हम इसकी पूरी तरह से जांच करेंगे। हमें संदेह है कि किसी देसी बम के कारण यह धमाका हो सकता है।’’ अधिकारी ने बताया, ‘‘एनएसजी, एनआईए और दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। त्योहार के कारण दिल्ली पुलिस पहले से ही हाई अलर्ट पर है। पुलिस ने इस घटना के संबंध में विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।’’
सीआरपीएफ स्कूल, दिल्ली -
सूचना मिलने के बाद अपराध शाखा और विशेष प्रकोष्ठ सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तथा दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने बताया कि उन्हें सीआरपीएफ स्कूल की ‘चारदीवारी के पास’ धमाका होने की सूचना मिली थी। डीएफएस के अधिकारियों ने बताया, ‘‘सूचना मिलने के बाद हमने तुरंत दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर भेजा। धमाका होने के कारण आग नहीं लगी है और न ही कोई घायल हुआ है, इसलिए हमारी गाड़ी वापस लौट आई।’’
Also read Bomb Threat: तमिलनाडु के 8 स्कूलों और बेंगलुरु के 3 कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच जारी[ /Also Read]
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम -
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘हमारी फोरेंसिक टीम और अपराध इकाई घटनास्थल से नमूने एकत्र करने के लिए मौके पर मौजूद है। एक पटाखे के कारण यह धमाका हो सकता है, लेकिन हम इस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।’’ पुलिस ने बताया कि वे घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने एक बयान में कहा कि उसे सुबह 7.47 बजे एक जोरदार धमाका होने की सूचना मिली थी। उसने बताया, ‘‘धमाका होने से स्कूल की दीवार क्षतिग्रस्त पाई गई और वहां दुर्गंध आ रही थी। प्रशांत विहार के थाना प्रभारी और अन्य कर्मी मौके पर मौजूद हैं। पास की दुकान और नजदीक खड़ी कार के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।’’
फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला टीम और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया -
पुलिस ने बताया, ‘‘अपराध शाखा की टीम, फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई है। दमकल विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद है।’’ पुलिस ने कहा कि वे विस्फोट के कारण का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
बम निरोधक टीम कर रही जांच -
पुलिस के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘हमारी बम निरोधक टीम आसपास के इलाकों की जांच कर रही हैं। हमने आसपास के पुलिस थानों को भी सतर्कता बरतने और जांच बढ़ाने के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। विभिन्न बाजारों में पैदल गश्त भी बढ़ा दी गई है। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि अगर उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।’’
घटना के बारे में स्थानीय ने क्या बताया -
एक स्थानीय ने बताया, ‘‘सुबह करीब 7:30 बजे हमने बहुत तेज आवाज सुनी। हमें लगा कि पास में ही कोई एलपीजी सिलेंडर फट गया है। हमने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को मामले की जानकारी दी। कई दुकानों के शीशे टूट गए हैं।’’
पास में रहने वाले राकेश गुप्ता ने बताया कि धमाका होने के तुरंत बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। गुप्ता ने बताया, ‘‘हम इस बात को लेकर बहुत उलझन में हैं कि आखिर क्या हुआ है। पुलिस की कई टीम जांच कर रही हैं।’’ घटनास्थल के निकट स्थित चश्मे की एक दुकान के मालिक सुमित ने बताया, ‘‘मेरी खिड़की के शीशे टूट गए। मेरी दुकान के अंदर का सारा सामान जमीन पर गिर गया। यह बहुत तेज धमाका था।’’
अगली खबर
]विशेष समाचार
]- IIM Lucknow: आईआईएम लखनऊ ने फैमिली बिजनेस में एमबीए प्रोग्राम लॉन्च किया, पहला बैच जुलाई 2027 में, फीस जानें
- IRIS 2026: 27 क्षेत्रों के 54 स्कॉलर्स को मिला फैकल्टी रिसर्च अवार्ड; आईआईटी, एम्स, आईआईएम के शोधकर्ता शामिल
- IRIS 2026: इंडिया रिसर्च एंड इम्पैक्ट समिट 1 अक्टूबर को, नीति आयोग सदस्य समेत कई दिग्गज एजुकेटर्स होंगे शामिल
- UPSC Mains Marks: केंद्रीय सूचना आयोग ने यूपीएससी मेंस के अंकों का विवरण प्रकाशित करने की सिफारिश की
- JEE Advanced: जेईई-एडवांस्ड में 3 प्रयास की मांग तेज, 12,000 से अधिक अभ्यर्थियों ने मंत्रालय को दिया प्रतिवेदन
- NITI Aayog Report: स्कूलों में छठी कक्षा से ही रोजगारपरक कौशल पर हो ध्यान, नीति आयोग का सुझाव
- आजादी के 80वें साल में भी 'कागजी' दावों के बीच फंसी शिक्षा व्यवस्था; पेपर लीक व बजट की कमी से जूझ रहे छात्र
- Teacher Vacancy Crisis: बिहार में टीचर्स के 2.70 लाख+ पद खाली; झारखंड, एमपी समेत कई राज्यों में हजारों वैकेंसी
- NEET 2026 Paper Leak: नीट पेपर तैयार और अनुवाद का काम एक ही समूह के शिक्षकों को देने से हुई गड़बड़ी - सूत्र
- MCC NEET Counselling 2026: नीट काउंसलिंग शेड्यूल जल्द, जेपी नड्डा ने की समीक्षा, छात्र-केंद्रित कई बड़े सुधार