Saurabh Pandey | May 18, 2026 | 12:42 PM IST | 3 mins read
सीआरपीएफ ने नोटिस में यह साफ कर दिया है कि फॉर्म में सुधार करने की अनुमति केवल उन्हीं उम्मीदवारों को दी जाएगी, जिनका पूरा भरा हुआ ऑनलाइन आवेदन फॉर्म और साथ में निर्धारित परीक्षा शुल्क (यदि लागू हो) तय समय सीमा के भीतर बोर्ड को प्राप्त हो चुका था।

नई दिल्ली : केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा कांस्टेबल (तकनीकी एवं ट्रेड्समैन एवं पायनियर) के 9195 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का कल 19 मई आखिरी दिन है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट rect.crpf.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद, कई उम्मीदवारों ने बोर्ड से फॉर्म में हुई गलतियों को सुधारने का अवसर देने का अनुरोध किया था। अभ्यर्थियों की इसी मांग और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए सीआरपीएफ ने ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में सुधार और संशोधन करने के लिए 'करेक्शन विंडो' खोलने का फैसला किया है।
इस प्रक्रिया के लिए उम्मीदवारों को 3 दिनों का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। सुधार करने की यह विंडो 21 मई 2026 से खुलेगी और 23 मई 2026 तक खुली रहेगी। इन तीन दिनों के दौरान उम्मीदवार अपने वन-टाइम ऑनलाइन आवेदन फॉर्म (One-Time Online Application Form) के डाटा में अपनी जरूरत के अनुसार जरूरी बदलाव या सुधार कर सकते हैं। सुधार करने के बाद उम्मीदवारों को अपना आवेदन फॉर्म दोबारा सबमिट करना होगा।
सीआरपीएफ ने नोटिस में यह साफ कर दिया है कि फॉर्म में सुधार करने की अनुमति केवल उन्हीं उम्मीदवारों को दी जाएगी, जिनका पूरा भरा हुआ ऑनलाइन आवेदन फॉर्म और साथ में निर्धारित परीक्षा शुल्क (यदि लागू हो) तय समय सीमा के भीतर बोर्ड को प्राप्त हो चुका था। जिन उम्मीदवारों का फॉर्म अधूरा था या जिनकी फीस जमा नहीं हुई थी, उन्हें इस प्रक्रिया में शामिल होने का मौका नहीं मिलेगा।
उम्मीदवारों को यह ध्यान रखना होगा कि उनके द्वारा सबसे बाद में (संशोधन के बाद) सबमिट किए गए आवेदन फॉर्म को ही अंतिम माना जाएगा। 23 मई 2026 के बाद किसी भी परिस्थिति में फॉर्म में सुधार करने का कोई दूसरा मौका नहीं दिया जाएगा। इसलिए जिन अभ्यर्थियों के फॉर्म में कोई गलती हो गई थी, वे इस तय समय सीमा के भीतर सीआरपीएफ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसे जरूर सुधार लें।
सीआरपीएफ कांस्टेबल ट्रेड्समैन भर्ती 2026 के कांस्टेबल ड्राइवर पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु सीमा 21-27 वर्ष होनी चाहिए, जबकि ड्राइवर को छोड़कर सभी ट्रेडों के लिए आयु सीमा 18-23 वर्ष निर्धारित की गई है। सरकारी भर्ती नियमों के अनुसार आयु में अतिरिक्त छूट दी जाएगी।
सीआरपीएफ कांस्टेबल भर्ती के लिए सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क 100 रुपये है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला (सभी श्रेणियां) उम्मीदवारों और पूर्व सैनिकों को शुल्क भुगतान से छूट दी गई है। परीक्षा शुल्क का भुगतान BHIM, UPI, नेट बैंकिंग, Visa, Mastercard, Maestro, RuPay क्रेडिट या डेबिट कार्ड और CSC वॉलेट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है।
सीआरपीएफ कांस्टेबल ट्रेड्समैन (सीबीटी) भर्ती परीक्षा में सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय प्रकार के होंगे। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) केवल अंग्रेजी और हिंदी भाषा में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.25 अंकों की नेगेटिव मार्किंग होगी। सीबीटी परीक्षा में प्राप्त अंकों के पुनर्मूल्यांकन/पुनः जांच का कोई प्रावधान नहीं है। इस संबंध में कोई पत्राचार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सीआरपीएफ कांस्टेबल ट्रेड्समैन (सीबीटी) भर्ती की तिथि और केंद्र के बारे में अभ्यर्थियों को केवल सीआरपीएफ की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से जारी प्रवेश पत्र के द्वारा सूचित किया जाएगा।