Santosh Kumar | May 23, 2026 | 12:03 PM IST | 2 mins read
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर उन्हें फॉलो करने वालों से प्रधान के इस्तीफे की मांग करने वाली ऑनलाइन याचिका का समर्थन करने का आग्रह किया।
Predict your MBBS, BDS & AYUSH admission chances with the NEET College Predictor. Get personalized college recommendations based on rank, category & quota.
Try Now
नई दिल्ली: व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया अकाउंट "कॉकरोच जनता पार्टी" (सीजेपी) ने शुक्रवार को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए एक अभियान शुरू किया। सीजेपी के नए 'एक्स' हैंडल - "कॉकरोच इज बैक" - और इसके इंस्टाग्राम मंच के माध्यम से शुरू किया गया यह अभियान शिक्षा क्षेत्र में कथित प्रणालीगत विफलताओं पर केंद्रित है, विशेष रूप से नीट 2026 पेपर-लीक विवाद से संबंधित चिंताओं पर।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर उन्हें फॉलो करने वालों से प्रधान के इस्तीफे की मांग करने वाली ऑनलाइन याचिका का समर्थन करने का आग्रह किया। इस संबंध में अभिजीत दीपके ने एक वीडियो संदेश जारी किया है।
उन्होंने कहा, "कैसे हो तुम सब कॉकरोच? सब कह रहे हैं कि तुम इंटरनेट पर खूब मजे कर रहे हो, लेकिन मुझे लगता है अब कुछ असली काम करने का समय आ गया है। आज हम शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए याचिका शुरू कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "अब समय आ गया है कि व्यवस्था को जवाबदेह बनाया जाए। व्यवस्था की गलती के कारण ही 22 लाख से अधिक छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ, छात्रों ने आत्महत्या की। चाहे कुछ भी हो जाए, धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना ही होगा।"
3 मई को आयोजित नीट यूजी को पेपर लीक के आरोपों के बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा हाल ही में रद्द कर दिया गया था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो इस मामले की जांच कर रहा है और 21 जून को पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी।
दीपके ने प्रधान के खिलाफ अभियान के दौरान जान से मारने की धमकियां मिलने का भी दावा किया। 'एक्स' द्वारा भारत में मूल सीजेपी हैंडल पर रोक लगा दी गई, जिसके बाद दीपके ने नया हैंडल "कॉकरोच इज बैक" शुरू किया।
नया हैंडल की टैगलाइन है - "कॉकरोच कभी मरता नहीं" रखी गई है। दीपके ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "उम्मीद पहले से थी क्योंकि हमारे अकाउंट को हैक करने की कोशिश की जा रही है। लेकिन सरकार का दांव उलटा पड़ गया है।"
उनके अनुसार, 'एक्स' द्वारा सीजेपी खाते को बंद किए जाने से पहले मूल खाते पर 2 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। शुक्रवार दोपहर तक, लॉन्च होने के लगभग 24 घंटे बाद, "कॉकरोच इज बैक" के हैंडल पर 1.65 लाख से अधिक फॉलोअर्स हो चुके थे।
इंस्टाग्राम पर, सीजेपी के शुक्रवार दोपहर तक 2.05 करोड़ फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर गया। सत्तारूढ़ भाजपा, जिसके मेटा के स्वामित्व वाले मंच पर लगभग 91 लाख फॉलोअर्स हैं। कांग्रेस के लगभग 1.34 करोड़ फॉलोअर्स हैं।