Chhatron Ki Goonj: राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज आकर छात्रों से करेंगे संवाद - अजय राय

Press Trust of India | August 6, 2026 | 09:12 AM IST | 2 mins read

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, जिस तरह से राजस्थान के कोटा का कार्यक्रम रद्द कराया गया, देहरादून का कार्यक्रम रद्द कराया गया, उसी तरह यहां का कार्यक्रम रद्द कराया गया।

अजय राय ने कहा - निश्चित तौर पर राहुल गांधी यहां आएंगे और छात्र-छात्राओं से संवाद करेंगे। (इमेज-एक्स/अजय राज)

नई दिल्ली: प्रयागराज के केपी ग्राउंड में 8 अगस्त को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम “छात्रों की गूंज” के लिए अनुमति केपी ट्रस्ट द्वारा रद्द किए जाने के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष 8 अगस्त को प्रयागराज आएंगे और छात्रों से संवाद करेंगे। प्रयागराज में देर शाम राय ने पत्रकारों से कहा, “यह शहीदों और प्रतियोगी छात्रों की धरती है और यहां शुरू से प्रतियोगी छात्र अपना भविष्य तलाशते रहे हैं। राहुल जी आठ अगस्त को यहां आएंगे और बच्चों से संवाद करेंगे।”

उन्होंने कहा, “मेरा सरकार और प्रशासन से आग्रह है कि हमें वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराए क्योंकि हम चाहते हैं कि हमारे नेता राहुल गांधी बच्चों से संवाद करें। कार्यक्रम की रसीद से स्पष्ट है कि वहां (केपी ग्राउंड) खेल खिलाया जाता है। शनिवार शाम को कॉलेज बंद रहेगा और अगले दिन रविवार है। सरकार राहुल गांधी से घबरा गई है।”

राय ने कहा, “जैसे संसद में राहुल गांधी के डर से प्रधानमंत्री नहीं आ रहे हैं उससे साबित हो गया है कि यह सरकार डर गई है। जिस तरह से राजस्थान के कोटा का कार्यक्रम रद्द कराया गया, देहरादून का कार्यक्रम रद्द कराया गया, उसी तरह यहां का कार्यक्रम रद्द कराया गया।” उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर राहुल गांधी यहां आएंगे और छात्र-छात्राओं से संवाद करेंगे।

Also read Jharkhand Students Protest: झारखंड में छात्रों का प्रदर्शन हुआ तेज, रांची में 5 और लोग भूख हड़ताल पर बैठे

इससे पूर्व, केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र नाथ चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था, “केपी कॉलेज के खिलाफ इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 14 अगस्त, 2025 को आदेश पारित किया था जिसमें केपी कॉलेज के ग्राउंड को खेल-कूद एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के अलावा किसी अन्य कार्य के लिए नहीं देने को कहा गया था।”

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, केपी ग्राउंड में बारिश का पानी भरा हुआ है जिससे इस तरह का आयोजन जोखिम भरा हो सकता है। साथ ही कांग्रेस को अनुमति इस शर्त के साथ दी गई थी कि वह इस आयोजन के लिए जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति प्राप्त करे लेकिन अभी तक जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति नहीं आई है। चौधरी ने कहा कि इन कारणों से कांग्रेस को आगामी 8 अगस्त को कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति रद्द की गई है।

उल्लेखनीय है कि पेपर लीक और छात्रों के अन्य मुद्दों पर संवाद करने के लिए कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आठ अगस्त को केपी ग्राउंड में ''छात्रों की गूंज'' शीर्षक से एक संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लेने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय बुधवार को प्रयागराज आए और कार्यक्रम के सफल होने की कामना के साथ लेटे हनुमान जी का दर्शन किया।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Add as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]
[

नवीनतम शिक्षा समाचार

]