Saurabh Pandey | October 5, 2026 | 01:46 PM IST | 2 mins read
छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षा के लिए पंजीकृत उम्मीदवार अपने लॉगिन क्रेडेंशियल की मदद से इसे डाउनलोड कर सकते हैं।

नई दिल्ली : छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (सीजीएसएसबी) ने छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक लिखित भर्ती परीक्षा (LSAT26) के लिए प्रवेश पत्र 2026 जारी कर दिया है। इस भर्ती परीक्षा के लिए पंजीकृत उम्मीदवार अपना एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने प्रोफाइल लॉगिन पेज के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश पत्र ऑनलाइन ही डाउनलोड करना होगा, डाक के माध्यम से नहीं किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा।
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक लिखित भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट लेना अनिवार्य होगा, क्योंकि यह एक जरूरी दस्तावेज है और इसके बिना परीक्षा हॉल में एंट्री नहीं मिलेगी। परीक्षा ऑफलाइन मोड में एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएगी।
परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ अपना मूल पहचान पत्र (जैसे मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या आधार कार्ड) लाना अनिवार्य होगा, जिसके बिना केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 11 अक्टूबर, 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा ऑफलाइन, ओएमआर आधारित मोड में होगी।
उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले (सुबह 8 बजे तक) केंद्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा, जिससे कि पहचान सत्यापन और फ्रिस्किंग समय पर की जा सके। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले, यानी सुबह 9:30 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए विशेष नियम लागू किए गए हैं। अभ्यर्थियों को केवल आधी बांह वाले हल्के रंग के कपड़े और फुटवियर में चप्पल पहनकर आने की अनुमति होगी। काले, गहरे नीले, मैरून, जामुनी जैसे गहरे रंगों के कपड़े और कान के आभूषण पूरी तरह वर्जित हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पर्स, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना सख्त मना है।
परीक्षा से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 या मोबाइल नंबर 8269801982 पर सुबह 10 से शाम 5:30 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।