Saurabh Pandey | October 14, 2026 | 08:47 PM IST | 1 min read
सीजीएसएसबी द्वारा सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए दिव्यांग अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन पुनः शुरू किए जा रहे हैं। पात्र उम्मीदवार 15 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

नई दिल्ली : छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) ने सहायक शिक्षक (LSAT26) और शिक्षक (LST26) के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर दो सूचनाएं जारी की हैं। उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ बिलासपुर के आदेश के अनुपालन में दोनों पदों की विस्तृत विज्ञापनों में नई दिव्यांगता श्रेणियों के अभ्यर्थियों को शामिल करते हुए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू की जा रही है।
इन दोनों पदों (सहायक शिक्षक एवं शिक्षक) के लिए पात्र दिव्यांगजन अभ्यर्थी प्रक्रिया 15 अक्टूबर 2026 से दोबारा आवेदन फॉर्म जमा कर सकेंगे। ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 शाम 5 बजे तक है। आवेदन फॉर्म में किसी भी प्रकार के संशोधन या त्रुटि सुधार के लिए 31 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 (शाम 5 बजे तक) का समय दिया गया है।
सीजीएसएसबी द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, सहायक शिक्षक पद के लिए अब दृष्टिहीन, बधिर और प्रमस्तिष्कीय अंगघात श्रेणी के दिव्यांग अभ्यर्थी भी आवेदन करने के पात्र होंगे। वहीं दूसरी ओर, शिक्षक पद के लिए विषयवार नई दिव्यांगता श्रेणियां जोड़ी गई हैं। भाषा समूह (हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान) के लिए दृष्टिहीन और सीपी, गणित विषय के लिए दोनों हाथ प्रभावित, एएसडी, सीपी व एलसी (रोगमुक्त कुष्ठ) तथा कृषि विषय के लिए सीपी और एलसी श्रेणी के दिव्यांग उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे।
Also read UKSSSC: उत्तराखंड स्टेनोग्राफर और पर्सनल असिस्टेंट भर्ती के लिए दस्तावेज सत्यापन की तिथियां घोषित
सीजीएसएसबी सहायक शिक्षक एवं शिक्षक भर्ती परीक्षाएं राज्य के 16 जिला मुख्यालयों में आयोजित की जाएंगी। मंडल द्वारा दोनों भर्ती परीक्षाओं की तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं। सभी पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए सहायक शिक्षक (LSAT26) की लिखित परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी। इसके बाद, शिक्षक (LST26) पदों के लिए भर्ती परीक्षा 20 दिसंबर 2026 (रविवार) को संपन्न कराई जाएगी।