Saurabh Pandey | October 14, 2026 | 04:45 PM IST | 2 mins read
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने स्टेनोग्राफर और पर्सनल असिस्टेंट भर्ती परीक्षा के लिए दस्तावेज सत्यापन की तिथियां घोषित कर दी हैं। परीक्षा प्रक्रिया में शामिल उम्मीदवार इसे चेक कर सकते हैं।

नई दिल्ली : उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने स्टेनोग्राफर और पर्सनल असिस्टेंट तथा अन्य पदों के लिए आयोजित टाइपिंग और शॉर्टहैंड परीक्षा के बाद सफल अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज सत्यापन की तिथियां घोषित कर दी हैं। आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार यह प्रक्रिया आयोग कार्यालय, रायपुर (देहरादून) में आयोजित की जाएगी।
दस्तावेज सत्यापन में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को ऑनलाइन माध्यम से आयोग की वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जाकर विभागों की वरीयता भरना अनिवार्य है। एक बार विकल्प सबमिट करने के बाद इसमें कोई संशोधन नहीं किया जा सकेगा। ऑनलाइन जमा किए गए विकल्पों की दो स्वहस्ताक्षरित प्रतियां सत्यापन के दिन आयोग में जमा करना आवश्यक है।
दस्तावेज सत्यापन की तिथि पर अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों (शैक्षणिक, निवास, आरक्षण आदि) के साथ उनकी दो-दो स्वप्रमाणित प्रतियां और 6 पासपोर्ट साइज फोटो लेकर उपस्थित होना होगा। आयोग परिसर में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा स्टेनोग्राफर और पर्सनल असिस्टेंट पदों के लिए दस्तावेज सत्यापन 22 और 23 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। दूसरे चरण की टाइपिंग परीक्षा में पात्र पाए गए 37 अभ्यर्थियों की सूची 28 सितंबर 2026 को जारी की गई थी। इन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच 22 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को सुबह 9 बजे से होगी।
इसी प्रकार आयोजित चौथे चरण की परीक्षा में पात्र पाए गए 32 अभ्यर्थियों की सूची 23 सितंबर 2026 को प्रकाशित की गई थी। इन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 23 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को सुबह 9 बजे किया जाएगा।
आरक्षण या छूट का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) या शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा। निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने या आवश्यक मूल दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर अभ्यर्थी का अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा और किसी को भी अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।