Abhay Pratap Singh | May 28, 2026 | 03:52 PM IST | 1 min read
बिहार बोर्ड ने कक्षा 12 की मूल मार्कशीट और माइग्रेशन सर्टिफिकेट डीईओ कार्यालयों को भेज दिए हैं ताकि उन्हें विद्यार्थियों को स्कूलवार वितरित किया जा सके।

नई दिल्ली: बिहार विद्यालय परीक्षा बोर्ड (BSEB) ने कक्षा 12वीं वार्षिक बोर्ड परीक्षा 2026 में शामिल हुए छात्रों की मूल मार्कशीट और माइग्रेशन सर्टिफिकेट राज्य भर के सभी जिला मुख्यालय को भेज दिए हैं। विद्यार्थी अपने संबंधित विद्यालय में जाकर बिहार बोर्ड कक्षा 12वीं मार्कशीट 2026 और माइग्रेशन प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
बिहार बोर्ड की आधिकारिक नोटिस के अनुसार, “विद्यार्थियों की मार्कशीट एवं प्रोविजनल-सह-माइग्रेशन सर्टिफिकेट को सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) के कार्यालय में भेज दिया गया है, ताकि इन्हें आगे स्कूलों में वितरित किया जा सके।”
बीएसईबी ने जारी सूचना में कहा कि, “+2 स्तर के शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य अपने-अपने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से मार्कशीट और प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे। दस्तावेज प्राप्त होने के बाद विद्यालय इन्हें पात्र छात्रों को वितरित करेंगे।” इस वर्ष बिहार बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2026 का पास प्रतिशत 85.19% रहा।
बिहार बोर्ड कक्षा 12 की परीक्षा 2026 में शामिल हुए छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपनी मूल मार्कशीट और माइग्रेशन मार्कशीट प्राप्त करने के लिए अपने विद्यालयों से संपर्क करें। बता दें, बीएसईबी इंटर 2026 परीक्षा राज्य भर के 1,762 परीक्षा केंद्रों पर 2 फरवरी से 13 फरवरी तक आयोजित की गई थी।
बीएसईबी 12th रिजल्ट 2026 में आदित्य प्रकाश अमन ने 481 अंकों (96.20 प्रतिशत) के साथ विज्ञान स्ट्रीम में टॉप किया, जबकि अदिति कुमारी 480 अंकों (96 प्रतिशत) के साथ वाणिज्य स्ट्रीम में राज्य में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, कला स्ट्रीम की निशु कुमारी 479 अंकों (95.80 प्रतिशत) के साथ टॉपर रहीं।
बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में कुल 13,17,846 स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.23% और लड़कों का पास प्रतिशत 84.09% दर्ज किया गया। अधिक जानकारी के लिए बीएसईबी की वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।