Trusted Source Image

AI Job Loss: एआई से 20% तक नौकरियां जाने का खतरा, रोजगार पर असर धीरे-धीरे आएगा सामने - आईबीएम चेयरमैन

Press Trust of India | November 16, 2026 | 04:51 PM IST | 3 mins read

आईबीएम के एक शोध के मुताबिक, भारत के 90 प्रतिशत से अधिक उद्यम एआई की संभावनाओं को पहचानते हैं, लेकिन 75 प्रतिशत से अधिक ने इसके इस्तेमाल की दिशा में बहुत कम प्रगति की है।

आईबीएम ने पिछले एक साल में भारत में 5,000-10,000 लोगों को रोजगार दिया है। (प्रतीकात्मक-फ्रीपिक)
आईबीएम ने पिछले एक साल में भारत में 5,000-10,000 लोगों को रोजगार दिया है। (प्रतीकात्मक-फ्रीपिक)

नई दिल्ली: अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी आईबीएम के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अरविंद कृष्ण ने कहा है कि कृत्रिम मेधा (AI) के बढ़ते इस्तेमाल से अगले दशक में 10-20 प्रतिशत नौकरियां खत्म हो सकती हैं और इसका सबसे अधिक असर बीपीओ (कारोबार प्रक्रिया प्रबंधन) क्षेत्र पर पड़ने की आशंका है। कृष्ण ने कहा कि एआई से रोजगार पर असर धीरे-धीरे सामने आएगा और सरकारों तथा कंपनियों को कर्मचारियों को कामकाज के बदलते स्वरूप के लिए तैयार करना होगा।

आईबीएम ने पिछले एक साल में भारत में 5,000-10,000 लोगों को दिया रोजगार -

उन्होंने संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा कि आईबीएम में लिखे जा रहे लगभग आधे सॉफ्टवेयर कोड का निर्माण पहले ही एआई की मदद से हो रहा है। इससे प्रोग्रामर की भूमिका खत्म होने के बजाय बदलेगी। भविष्य में प्रोग्रामर खुद कोड लिखने के बजाय एआई को निर्देश देंगे कि उसे क्या लिखना है। उन्होंने कहा कि आईबीएम ने पिछले एक साल में भारत में 5,000-10,000 लोगों को रोजगार दिया है। कंपनी चिप डिजाइन, सॉफ्टवेयर विकास, परीक्षण और एआई जैसे क्षेत्रों में भर्तियां बढ़ा रही है।

आईबीएम भारत में हर साल करीब तीन अरब डॉलर कर रही निवेश -

कृष्ण ने कहा, “एआई दशक के अंत तक भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में करीब 500 अरब डॉलर का योगदान कर सकती है। हालांकि, देश को ‘बड़े भाषा मॉडल’ विकसित करने के बजाय उद्योगों और सरकारी कामकाज में एआई का इस्तेमाल तेजी से बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।” आईबीएम के एक शोध के मुताबिक, भारत के 90 प्रतिशत से अधिक उद्यम एआई की संभावनाओं को पहचानते हैं, लेकिन 75 प्रतिशत से अधिक ने इसके इस्तेमाल की दिशा में बहुत कम प्रगति की है।

उन्होंने कहा कि आंकड़ों की उपलब्धता, कुशल कर्मचारियों की कमी और कारोबारी प्रक्रियाओं में बदलाव के प्रति कंपनियों की तैयारी इसमें प्रमुख चुनौतियां हैं। कृष्ण ने कहा कि आईबीएम भारत में हर साल करीब तीन अरब डॉलर खर्च और निवेश कर रही है।

Also readDelhi University: दुर्लभ बीमारी से जूझ रही बच्ची के इलाज के लिए डीयू ने दी 17 करोड़ की आर्थिक मदद

कंपनी ने कोच्चि, गिफ्ट सिटी, लखनऊ और विशाखापत्तनम में किया विस्तार -

कंपनी ने कोच्चि, गिफ्ट सिटी, लखनऊ और विशाखापत्तनम में अपनी मौजूदगी का विस्तार किया है। उन्होंने बताया कि आईबीएम अगले पांच साल में वैश्विक स्तर पर क्वांटम कंप्यूटिंग में करीब 10 अरब डॉलर निवेश करेगी, जिसका एक हिस्सा भारत में भी आएगा। कंपनी आंध्र प्रदेश सरकार और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) सहित निजी क्षेत्र के भागीदारों के साथ अमरावती में क्वांटम कंप्यूटर स्थापित कर रही है जिसके 2027 की शुरुआत में स्थापित होने की उम्मीद है। ऐसी दो अन्य परियोजनाओं पर भी बातचीत चल रही है।

क्वांटम कंप्यूटिंग से 2028-29 तक उल्लेखनीय राजस्व मिलने की उम्मीद -

कृष्ण ने कहा कि क्वांटम कंप्यूटिंग से 2028-29 तक उल्लेखनीय राजस्व मिलने की उम्मीद है। इसके इस्तेमाल की संभावनाओं में नई सामग्री का विकास, वित्तीय सेवाएं, जटिल समस्याओं का समाधान और मौसम का पूर्वानुमान शामिल हैं। एआई के बुनियादी ढांचे में निवेश पर उन्होंने कहा कि डेटा सेंटर और फाइबर नेटवर्क की मांग बनी रहेगी, लेकिन एआई मॉडल विकसित करने वाली कंपनियों के भारी निवेश से पर्याप्त प्रतिफल मिलने को लेकर सवाल हैं।

उन्होंने अनुमान जताया कि दशक के अंत से पहले एआई के कुल टोकन इस्तेमाल में मुक्त मॉडल की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि भारत को सेमीकंडक्टर विनिर्माण में अपनी क्षमता बढ़ाकर वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में महत्वपूर्ण स्थान बनाना चाहिए। साथ ही, एआई के नियमन में अत्यधिक सरकारी दखल से बचने की जरूरत है, क्योंकि इससे नवाचार प्रभावित हो सकता है।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Trusted Source ImageAdd as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]

Download Our App

Start you preparation journey for JEE / NEET for free today with our APP

  • Students300M+Students
  • College36,000+Colleges
  • Exams550+Exams
  • Ebooks1500+Ebooks
  • Certification16000+Certifications