Press Trust of India | September 14, 2026 | 10:56 PM IST | 2 mins read
एबीवीपी ने साल में दो बार नीट परीक्षा आयोजित करने की व्यवहार्यता पर भी विचार करने का सुझाव दिया है, जिसमें अधिकतम प्राप्तांक पर विचार किया जा सकता है।
Predict your MBBS, BDS & AYUSH admission chances with the NEET College Predictor. Get personalized college recommendations based on rank, category & quota.
Try Now
नई दिल्ली: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता वाले उच्चस्तरीय कार्य बल को परीक्षा सुधारों पर सिफारिशों का एक सेट सौंपा है जिसमें अधिक पारदर्शिता, मजबूत सुरक्षा उपायों और प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए दो चरणीय प्रणाली जैसे सुझाव दिए गए हैं। छात्र संगठन ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी। संगठन ने कहा कि उसकी सिफारिशें पुणे, नागपुर, भोपाल, दिल्ली, चंडीगढ़ और दक्षिण बिहार में आयोजित गोलमेज सम्मेलनों के दौरान छात्रों और विशेषज्ञों के साथ परामर्श पर आधारित हैं।
इसमें कहा गया है कि सिफारिशों में तत्काल, मध्यम अवधि और दीर्घकालिक सुधारों को शामिल किया गया है जिनका उद्देश्य नीट सहित विभिन्न प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और छात्र-अनुकूल बनाना है।
उसने कहा कि एक प्रमुख सुझाव प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं को दो चरणों में आयोजित करना है जिसमें पहला चरण उम्मीदवारों को 'शॉर्टलिस्ट' करने के लिए हो और दूसरा चरण अंतिम चयन के लिए।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने साल में दो बार नीट परीक्षा आयोजित करने की व्यवहार्यता पर भी विचार करने का सुझाव दिया है, जिसमें अधिकतम प्राप्तांक पर विचार किया जा सकता है।
अन्य सिफारिशों में कंप्यूटर-आधारित परीक्षाओं पर अधिक जोर, मजबूत प्रश्न-पत्र सुरक्षा, परीक्षा केंद्रों के लिए समान राष्ट्रीय मानक और मजबूत उम्मीदवार सत्यापन और डेटा सुरक्षा तंत्र शामिल हैं।
एबीवीपी ने दीर्घकालिक सुधारों के लिए पाठ्यक्रम, शिक्षण, मूल्यांकन और प्रवेश परीक्षाओं के बीच बेहतर समन्वय का आह्वान किया है। उसने कोचिंग पर निर्भरता कम करने के लिए संस्थागत शिक्षा को मजबूत करने, कैरियर परामर्श और योग्यता-आधारित मूल्यांकन शुरू करने, प्रमुख सुधारों को प्रायोगिक परियोजनाओं , समीक्षाओं और स्वतंत्र ऑडिट के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से लागू करने की भी सिफारिश की।
एबीवीपी के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा, ''छात्रों को अपने ज्ञान और कड़ी मेहनत के आधार पर प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम होना चाहिए, न कि उन्हें परीक्षा प्रणाली में खामियों का परिणाम भुगतना चाहिए।'' उन्होंने कहा कि सिफारिशों में पंजीकरण और परीक्षा से लेकर मूल्यांकन और चयन तक की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया गया है।
नीट यूजी काउंसलिंग राउंड 3 की प्रक्रिया 22 सितंबर को शुरू होगी। रजिस्ट्रेशन और पेमेंट की सुविधाएं 22 से 27 सितंबर तक खुली रहेंगी; 27 सितंबर को रजिस्ट्रेशन दोपहर 3 बजे और पेमेंट शाम 6 बजे बंद हो जाएगा।
Santosh Kumar