Saurabh Pandey | August 1, 2026 | 04:18 PM IST | 1 min read
यूपीएसएसएससी ने यूपी पीईटी का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले उम्मीदवार 3 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2026 के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 3 अगस्त से आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख 1 सितंबर है। शुल्क समायोजन एवं आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 8 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। आयोग द्वारा किसी भी परिस्थिति में ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
यूपी पीईटी-2026 के लिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थी यह सुनिश्चित कर लें कि उनके द्वारा ओटीआर में दर्ज समस्त विवरण त्रुटि रहित हैं। यदि अभ्यर्थी ओटीआर में संशोधन करना चाहते हैं, तो उन्हें प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 के पंजीकरण से पहले ओटीआर में अनिवार्यतः संशोधन करना होगा। अभ्यर्थी को पीईटी-2026 के अंतर्गत केवल एक आवेदन करना होगा।
यूपी पीईटी 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयुसीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी।
श्रेणी | आवेदन शुल्क | ऑनलाइन प्रोसेसिंग शुल्क | कुल शुल्क योग |
अनारक्षित (सामान्य) | 160 रुपये | 25 रुपये | 185 रुपये |
अन्य पिछड़ा वर्ग | 160 रुपये | 25 रुपये | 185 रुपये |
अनुसूचित जाति | 70 रुपये | 25 रुपये | 95 रुपये |
अनुसूचित जनजाति | 70 रुपये | 25 रुपये | 95 रुपये |
दिव्यांगजन हेतु | शून्य | 25 रुपये | 25 रुपये |
यूपी पीईटी-2026 में हाईस्कूल अथवा उसके समकक्ष क्वालीफिकेशन रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अतः ऐसे सभी अभ्यर्थी, जिनके द्वारा आवेदन पत्र सबमिट करने की अंतिम तिथि से पहले हाईस्कूल अथवा उसके समकक्ष क्वालीफिकेशन पूरी कर ली गई है, वे प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 के लिए आवेदन कर सकते हैं।
यूपी प्रारम्भिक पात्रता परीक्षा में प्राप्त अंक आयोग द्वारा परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किए जाने की तिथि से 3 वर्ष तक प्रभावी होंगे।