Abhay Pratap Singh | April 27, 2026 | 09:46 AM IST | 1 min read
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक ने एक दिन पूर्व एक अन्य अभ्यर्थी के स्थान पर बरेली से बाहर परीक्षा दी थी।

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा 26 अप्रैल, 2026 (रविवार) को उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में आयोजित यूपी होमगार्ड भर्ती लिखित परीक्षा 2025 में कथित तौर पर एक अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने आये युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक ने एक दिन पूर्व एक अन्य अभ्यर्थी के स्थान पर बरेली से बाहर परीक्षा दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि रविवार को होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2025 के दौरान बरेली स्थित साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में बने केंद्र पर तैनात प्रभारी को परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी संदिग्ध प्रतीत हुआ।
उन्होंने बताया कि बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान संदेह होने पर उस अभ्यर्थी की गहराई से जांच की गई, जिसमें उसकी पहचान हरदोई के टड़ियावां निवासी अनुराग के रूप में हुई।
आर्य ने बताया कि जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि अनुराग ने शनिवार को भी रिठौरा स्थित दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर धर्मेंद्र सिंह नाम से परीक्षा दी थी, जिसे उसने पूछताछ में कुबूल भी कर लिया है।
अधिकारी ने बताया कि इस सिलसिले में केंद्र प्रभारी निरीक्षक की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।