Press Trust of India | July 23, 2026 | 09:22 AM IST | 1 min read
इस संबंध में लखनऊ में समाज कल्याण विभाग और बोर्डिंग स्कूल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के 112 जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों को देश के बेहतरीन बोर्डिंग स्कूलों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार के एक बयान के अनुसार, इस संबंध में लखनऊ में समाज कल्याण विभाग और बोर्डिंग स्कूल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इस समझौते के जरिए देश के बेहतरीन बोर्डिंग स्कूलों की अच्छी कार्यप्रणालियों को सर्वोदय विद्यालयों में अपनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके तहत शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ छात्रावास प्रबंधन, छात्र देखभाल, अनुशासन, नेतृत्व विकास, जीवन कौशल और तकनीक आधारित शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।
एमओयू के तहत सर्वोदय विद्यालयों के प्रधानाचार्य और शिक्षक प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूलों का दौरा करेंगे। वहां की व्यवस्था के आधार पर एसओपी तैयार कर इसे प्रदेश के सभी 112 सर्वोदय विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सर्वोदय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को देश के सर्वश्रेष्ठ बोर्डिंग स्कूलों जैसी शिक्षा, अनुशासन और अवसर उपलब्ध कराना है।
बीएसएआई के साथ यह साझेदारी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि इससे विद्यार्थी और शिक्षक नई एवं श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों से सीखेंगे, अनुभव साझा करेंगे और शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाएंगे।
समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग यादव ने कहा कि यह समझौता सर्वोदय विद्यालयों के लिए नई शुरुआत है। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को देश के प्रमुख बोर्डिंग स्कूलों की श्रेष्ठ व्यवस्थाओं से सीखने का अवसर मिलेगा।
बीएसएआई की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सपना सुकुल ने कहा कि किसी राज्य सरकार के साथ बीएसएआई का यह पहला समझौता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह साझेदारी दीर्घकालिक बदलाव लाने में भूमिका निभाएगी।
बीपीएससी भर्ती परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अब आयोग की वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in के माध्यम से जनरल नॉलेज पेपर की फाइनल आंसर की पीडीएफ फॉर्मेट में डाउनलोड कर सकते हैं। यह आंसर की 11 जून 2026 को आयोजित लिखित परीक्षा के लिए जारी की गई है।
Santosh Kumar