Saurabh Pandey | May 21, 2026 | 05:32 PM IST | 3 mins read
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (BU Jhansi) ने यूपी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट bujhansi.ac.in पर जारी कर दिए हैं। परीक्षा का आयोजन 31 मई 2026 को दो पालियों में किया जाएगा, जिसके लिए उम्मीदवार यूजर आईडी और पासवर्ड के जरिए अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
.jpg)
नई दिल्ली : बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी (BU Jhansi) ने उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा (UP BEd JEE) 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट bujhansi.ac.in पर जाकर अपना प्रवेश पत्र ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपने यूजर आईडी और पासवर्ड का उपयोग करना होगा। परीक्षा के दिन बिना एडमिट कार्ड और वैलिड आईडी प्रूफ के उम्मीदवारों को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद उस पर दी गई सभी जानकारियों जैसे- उम्मीदवार का नाम, फोटो, सिग्नेचर, परीक्षा केंद्र का पता और परीक्षा की टाइमिंग को अच्छे से चेक कर लें। इसके साथ ही, प्रवेश पत्र पर लिखे सभी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें। परीक्षा केंद्र पर रिपोर्टिंग टाइम से कम से कम एक घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा।
उम्मीदवारों को अपने प्रवेश-पत्र की दो प्रतियों में प्रिंटआउट निकालना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे दोनों कॉपियों को बिल्कुल एक जैसा (समान) प्रिंट करें। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए दोनों कॉपियों का होना बेहद जरूरी है। ऑनलाइन आवेदन-पत्र भरते समय आपने जिस फोटो को अपलोड किया था, ठीक वही फोटोग्राफ आपको एडमिट कार्ड के प्रिंटआउट में दिए गए निर्धारित स्थान पर चिपकानी होगी। प्रवेश-पत्र पर दिए गए तय स्थान पर अभ्यर्थी को अपने हस्ताक्षर करने होंगे। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड पर निर्धारित स्थान पर अपनी दोनों अंगूठे के पास वाली उंगलियों के निशान भी लगाने होंगे।
परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड की दोनों तैयार प्रतियां अपने साथ परीक्षा केंद्र पर लेकर जानी होंगी। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी को उन दो प्रतियों में से एक प्रति परीक्षा कक्ष में मौजूद कक्ष निरीक्षक को अनिवार्य रूप से सौंपनी होगी। दूसरी प्रति अभ्यर्थी अपने पास सुरक्षित रख सकेंगे। इन नियमों का पालन न करने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा में बैठने से रोका जा सकता है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, इस वर्ष यूपी बीएड जेईई परीक्षा का आयोजन 31 मई 2026 को राज्य के विभिन्न जिलों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। यूपी बीएड जेईई परीक्षा उत्तर प्रदेश के सरकारी, एडेड और प्राइवेट कॉलेजों में दो वर्षीय बीएड (B.Ed) कोर्स में एडमिशन के लिए आयोजित की जाती है।
यूपी बीएड जेईई प्रवेश परीक्षा दो पालियों में और ऑफलाइन मोड में ओएमआर शीट पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा में दो प्रश्नपत्र होंगे और सभी प्रश्न ऑब्जेक्टिव (MCQs) प्रकार के होंगे। प्रथम प्रश्नपत्र में सामान्य ज्ञान और भाषा (हिन्दी/अंग्रेजी) से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं, द्वितीय प्रश्नपत्र में सामान्य अभिरुचि परीक्षण (General Aptitude Test) और विषय योग्यता (कला/विज्ञान/वाणिज्य/कृषि) से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे।
यूपी बीएड जेईई प्रवेश परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को हर प्रश्न के लिए चार विकल्प दिए जाएंगे, जिनमें से सही विकल्प का चयन करना होगा। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 2 अंक प्रदान किए जाएंगे। परीक्षा में दो अलग-अलग प्रश्न पत्र होंगे, जिनके कुल मार्क्स मेरिट लिस्ट तय करने में मुख्य भूमिका निभाएगा। नेगेटिव मार्किंग के कड़े नियमों के तहत, यदि कोई अभ्यर्थी किसी प्रश्न का गलत उत्तर देता है, तो उसके कुल प्राप्तांकों में से एक-तिहाई अंक काट लिए जाएंगे। अनुत्तरित छोड़े गए प्रश्नों (जिनका उत्तर नहीं दिया गया है) के लिए कोई अंक नहीं काटा जाएगा।