Saurabh Pandey | May 1, 2026 | 03:56 PM IST | 2 mins read
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अप्रेंटिस भर्ती के तहत प्रशिक्षु को एक माह की अप्रेंटिसशिप पूरी होने पर एक कैजुअल लीव मिलेगी। प्रशिक्षु एक बार में केवल 4 कैजुअल लीव ले सकता है। किसी भी प्रशिक्षु को ओवरटाइम की अनुमति नहीं दी जाएगी।

नई दिल्ली : यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने अप्रेंटिस पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट unionbankofindia.bank.in पर जाकर आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख 19 मई 2026 है।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अप्रेंटिस भर्ती 2026 के तहत आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 20 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयुसीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी।
उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। स्नातक की डिग्री 1 अप्रैल 2026 को या उससे पहले पूरी होनी चाहिए। डिग्री 4 वर्ष से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए (1 अप्रैल 2022 के बाद)। अन्य शर्तों की बात करें तो उम्मीदवारों के पास पूर्व में कोई अप्रेंटिसशिप अनुभव नहीं होना चाहिए। स्नातक होने के बाद 1 वर्ष या उससे अधिक का कार्य अनुभव रखने वाले उम्मीदवार पात्र नहीं हैं। आवेदन किए गए राज्य की स्थानीय भाषा में दक्षता अनिवार्य है।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अप्रेंटिस भर्ती 2026 के लिए आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार अलग-अलग है। सामान्य/ओबीसी पुरुष उम्मीदवारों के लिए 944 रुपये (जीएसटी सहित), सामान्य/ओबीसी महिला के लिए 708 रुपये, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग/ट्रांसजेंडर के लिए आवेदन शुल्क 236 रुपये है।
बैंक द्वारा आयोजित ऑनलाइन परीक्षा में प्रश्नों की कुल संख्या 100 होगी, जिसके लिए कुल अंक 100 दिए जाएंगे और समय सीमा 60 मिनट होगी। परीक्षा का माध्यम ऑनलाइन (रिमोट प्रोक्टर्ड - घर या निर्धारित स्थान से ऑनलाइन निगरानी में) होगा। इस परीक्षा में कोई भी नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अप्रेंटिस भर्ती परीक्षा को पांच मुख्य खंडों में विभाजित किया गया है, जिनमें से प्रत्येक खंड से 20 प्रश्न पूछे जाएंगे-
परीक्षा का नाम | प्रश्नों की संख्या | कुल अंक |
सामान्य / वित्तीय जागरूकता | 20 | 20 |
सामान्य अंग्रेजी | 20 | 20 |
मात्रात्मक और तर्क क्षमता | 20 | 20 |
कंप्यूटर या विषय ज्ञान | 20 | 20 |
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के उत्पाद और सेवाएं | 20 | 20 |
कुल योग | 100 | 100 |
किसी विशेष राज्य में रिक्त पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार को उस राज्य की स्थानीय भाषाओं में से किसी एक में (पढ़ने, लिखने, बोलने और समझने में) निपुण होना चाहिए।
चयनित उम्मीदवारों को अपनी 10वीं, 12वीं कक्षा की मार्कशीट/सर्टिफिकेट प्रस्तुत करना होगा जो यह प्रमाणित करता हो कि उन्होंने चुनी हुई स्थानीय भाषा का अध्ययन किया है। यदि वे चुनी हुई स्थानीय भाषा के अध्ययन का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने में असमर्थ हैं, तो उन्हें स्थानीय भाषा की परीक्षा देनी होगी।