Saurabh Pandey | October 19, 2026 | 01:49 PM IST | 1 min read
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने कैमरामैन, फोटोग्राफर और अन्य भर्ती परीक्षाओं की आंसर-की जारी कर दी है। जिन उम्मीदवारों को आंसर की में त्रुटि मिलती है, वे 27 अक्टूबर तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

नई दिल्ली : उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न तकनीकी पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षाओं की अंतरिम उत्तर-कुंजी जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उत्तर कुंजी देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
यूकेएसएसएससी द्वारा प्रोजेक्टनिस्ट, जूनियर कैमरामैन, फोटोग्राफर और शोध अधिकारी पदों के लिए परीक्षाएं 4 अक्टूबर 2026 को आयोजित की गई थी, जबकि कलाकार, मानचित्रकार और विधि सहायक पदों की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को हुई थी।
आयोग ने इन सभी परीक्षाओं के चारों पेपर सेटों (A, B, C, D) की उत्तर-कुंजी आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर अभ्यर्थियों के लिए अपलोड कर दी है।
यूकेएसएसएससी द्वारा विभिन्न पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी यदि किसी प्रश्न या उत्तर पर आपत्ति दर्ज कराना चाहते हैं, तो वे 23 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2026 (शाम 5 बजे) तक केवल ऑनलाइन माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए आयोग की वेबसाइट पर 23 अक्टूबर 2026 से ऑनलाइन लिंक उपलब्ध करा दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को प्रति प्रश्न 50 रुपये का शुल्क जमा करना होगा और आपत्ति के साथ उचित एवं प्रमाणिक सहायक साक्ष्य अपलोड करना अनिवार्य होगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन लिंक के अतिरिक्त डाक, ई-मेल या अन्य किसी भी माध्यम से भेजी गई आपत्तियों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही, 27 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी प्रत्यावेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।