Saurabh Pandey | October 19, 2026 | 01:03 PM IST | 2 mins read
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने राजस्थान सेंकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का रिजल्ट विज्ञान विषय के लिए जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अब अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।

नई दिल्ली : राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के लिए सीनियर शिक्षक (विज्ञान) भर्ती परीक्षा का परिणाम 2026 जारी कर दिया है। आयोग ने अनुसूचित क्षेत्र (TSP) और गैर-अनुसूचित क्षेत्र (Non-TSP) के पदों के लिए सफल उम्मीदवारों की सूची जारी की है। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
आयोग द्वारा जारी रिजल्ट के मुताबिक अनुसूचित क्षेत्र (TSP) से 29 अभ्यर्थियों और गैर-अनुसूचित क्षेत्र (Non-TSP) से 906 अभ्यर्थियों को पात्रता जांच के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। आयोग ने यह स्पष्ट किया है कि यह केवल दस्तावेज सत्यापन के उद्देश्य से जारी सूची है और इसे अंतिम चयन या वरीयता सूची न माना जाए।
आयोग द्वारा जारी सूची में शामिल अभ्यर्थियों को अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर जाकर अपना विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरना होगा। ऑनलाइन आवेदन भरने के लिए 24 अक्टूबर 2026 से 30 अक्टूबर 2026 (रात्रि 11:59 बजे) तक लिंक सक्रिय रहेगा। अभ्यर्थियों को यह फॉर्म भरकर सबमिट करने के बाद दो प्रतियों में इसका प्रिंट संभालकर रखना अनिवार्य है।
दस्तावेज और पात्रता की जांच माध्यमिक शिक्षा विभाग, बीकानेर द्वारा आयोजित की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को विभाग की सूचना के अनुसार निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर अपने विस्तृत आवेदन पत्र की दो प्रतियों, मूल दस्तावेजों और स्वयं सत्यापित प्रतियों के साथ उपस्थित होना होगा। यदि कोई अभ्यर्थी सत्यापन के समय अनुपस्थित रहता है तो उसे अपात्र माना जाएगा। दस्तावेज सत्यापन के बाद पात्र अभ्यर्थियों की सूची आयोग को भेजी जाएगी, जिसके बाद RPSC द्वारा अंतिम चयन परिणाम जारी किया जाएगा।
आयोग के दिशानिर्देशों के तहत ओएमआर आंसर शीट में 10 प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में कोई भी विकल्प (5 विकल्पों में से) न भरने के कारण 270 अभ्यर्थियों को इस परीक्षा के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया है। इसके अलावा, एक अभ्यर्थी का परिणाम प्रशासनिक कारणों से रोका गया है, जबकि न्यायालय में मामला विचाराधीन होने के कारण 3 अभ्यर्थियों का परिणाम सीलबंद लिफाफे में रखा गया है।
Also read ISRO Recruitment 2026: इसरो में टेक्निकल असिस्टेंट सहित विभिन्न पदों पर भर्ती, पात्रता मानदंड जानें
इस भर्ती परीक्षा का आयोजन 14 जुलाई 2026 को किया गया था, जिसमें प्रथम प्रश्न पत्र (सामान्य ज्ञान) और द्वितीय प्रश्न पत्र (विज्ञान) का था।