Press Trust of India | February 22, 2026 | 11:39 AM IST | 1 min read
सेंट जेवियर्स युनिवर्सिटी का दीक्षांत समारोह न्यू टाउन स्थित बिस्व बांग्ला सम्मेलन केंद्र में आयोजित किया गया, जहां 1,052 स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों को उपाधियां प्रदान की गईं।

नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद शशि थरूर को कोलकाता के सेंट जेवियर्स विश्वविद्यालय (St. Xavier's University) के सातवें दीक्षांत समारोह में मानद डी.लिट की उपाधि से सम्मानित किया गया। थरूर ने इसे भारत में अपनी पहली मानद डॉक्टरेट उपाधि बताया है।
यह समारोह न्यू टाउन स्थित बिस्व बांग्ला सम्मेलन केंद्र में आयोजित किया गया, जहां 1,052 स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों को उपाधियां प्रदान की गईं। पच्चीस पीएचडी शोधार्थियों को सम्मानित किया गया और 17 छात्रों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में शशि थरूर ने कहा कि ‘डॉक्टरेट ऑफ लिटरेचर’ (मानद उपाधि) प्राप्त करके वह “अत्यंत सम्मानित” महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने याद दिलाया कि सात साल पहले वह विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में वक्ता थे। उन्होंने कहा, “मैंने कड़ी मेहनत से एक डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की है और कुछ अन्य मानद उपाधियां प्राप्त की हैं।”
कांग्रेस सांसद शशि थरूर आगे बताया कि, “भारत में यह मेरी पहली मानद डॉक्टरेट है और यहां के पूर्व छात्र होने के रूप में इसे प्राप्त करना और भी अधिक मूल्यवान है।”