Saurabh Pandey | September 11, 2026 | 02:45 PM IST | 2 mins read
आरआरबी ने सेक्शन कंट्रोलर भर्ती परीक्षा का शेड्यूल घोषित कर दिया है। परीक्षा के लिए पंजीकृत उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर परीक्षा कार्यक्रम देख सकते हैं।

नई दिल्ली : रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने सेक्शन कंट्रोलर पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की संभावित तिथिया घोषित कर दी है। आरआरबी की तरफ से जारी नोटिस के अनुसार, सेक्शन कंट्रोलर पदों के लिए सीबीटी परीक्षा 12 अक्टूबर से 13 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जाएगी।
आरआरबी की सभी आधिकारिक वेबसाइटों पर परीक्षा शहर एवं तिथि देखने और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए यात्रा प्राधिकार (Travel Authority) डाउनलोड करने का लिंक परीक्षा की तारीख से लगभग 10 दिन पहले सक्रिय कर दिया जाएगा।
वहीं, आरआरबी सेक्शन कंट्रोलर भर्ती परीक्षा का एडमिट कार्ड परीक्षा की तिथि से करीब 4 दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा और एग्जाम सेंटर पर साथ लेकर जाना होगा। बिना एडमिट कार्ड किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा हॉल में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का आधार-लिंक्ड बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपना मूल आधार कार्ड या ई-सत्यापित आधार का प्रिंटआउट साथ लाना अनिवार्य है। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आधार सत्यापन नहीं किया है, वे पोर्टल rrbapply.gov.in पर लॉगिन करके प्रक्रिया पूरी कर लें।
इसके अलावा, उम्मीदवारों को यह सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है कि परीक्षा वाले दिन UIDAI सिस्टम में उनका आधार "अनलॉक" स्थिति में हो। साथ ही, आधार कार्ड में अभ्यर्थी का नाम, जन्मतिथि (10वीं के प्रमाणपत्र के अनुसार), नवीनतम फोटो, पता, पिता का नाम और बायोमेट्रिक अपडेट होना चाहिए।
Also read UPSSSC Senior Instructor Recruitment 2026: राज्य ग्राम्य विकास संस्थान में 132 पदों पर निकली भर्ती
रेलवे भर्ती बोर्ड ने परीक्षार्थियों को किसी भी अप्रमाणित स्रोत या फर्जी वादों से गुमराह न होने की सख्त सलाह दी है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आरआरबी में चयन प्रक्रिया पूरी तरह से कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) पर आधारित है और भर्ती केवल उम्मीदवारों की योग्यता (Merit) के आधार पर ही की जाती है। परीक्षा से जुड़ी किसी भी नवीनतम अपडेट के लिए अभ्यर्थी केवल आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें।