Saurabh Pandey | October 29, 2026 | 10:32 PM IST | 2 mins read
एसएससी ने दिल्ली पुलिस और सीएपीएफ एसआई भर्ती के लिए फिजिकल टेस्ट का रिजल्ट जारी कर दिया है। आयोग ने साथ ही पेपर 2 की डेट भी घोषित कर दी है।

नई दिल्ली : कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने दिल्ली पुलिस और सीएपीएफ एसआई भर्ती के लिए फिजिकल टेस्ट का रिजल्ट जारी कर दिया है। जिन उम्मीदवारों ने फिजिकल एंड्योरेंस टेस्ट (PET) और फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) दिया है, वे एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर अपना परिणाम देख और पीडीएफ डाउनलोड कर सकते हैं।
एसएससी दिल्ली पुलिस और सीएपीएफ एसआई भर्ती की शारीरिक परीक्षा में सफल घोषित किए गए कुल 10,676 अभ्यर्थी अब द्वितीय प्रश्न पत्र में बैठने के लिए पात्र हैं। इनमें 518 महिला अभ्यर्थी तथा 10,298 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं। 4 महिला उम्मीदवारों के परिणाम को 'अस्थायी रूप से अयोग्य' रखा गया है। नोडल फोर्स, यानी बीएसएफ की सिफारिश पर, विभिन्न कारणों से 136 उम्मीदवारों के परिणाम रोक दिए गए हैं। इसके अलावा, विभिन्न न्यायालयों में मामले विचाराधीन होने के कारण 97 अभ्यर्थियों को भी अंतरिम रूप से पेपर-2 में शामिल होने की अनुमति दी गई है।
एसएससी सीपीओ फिजिकल टेस्ट का आयोजन 21 जुलाई से 30 जुलाई 2026 के बीच किया गया था। 'पेपर 1' में सफल होने वाले 48,387 उम्मीदवारों में से 10,676 उम्मीदवार पीईटी/पीएसटी में योग्य पाए गए हैं, जो अब एसएससी सीपीओ पेपर 2 में शामिल होंगे।
एसएससी दिल्ली पुलिस और सीएपीएफ एसआई पेपर-2 भर्ती परीक्षा का आयोजन संभावित रूप से 28 नवंबर 2026 को किया जाना है। सफल अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र समय आने पर आयोग के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों की वेबसाइटों पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।