Santosh Kumar | December 27, 2024 | 10:39 PM IST | 1 min read
आरआरबी जेई 2024 प्रोविजनल आंसर की पर आपत्ति उठाने के लिए अभ्यर्थियों को 50 रुपये का शुल्क देना होगा।
नई दिल्ली: रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) द्वारा आरआरबी जूनियर इंजीनियर (जेई), डिपो मैटेरियल सुपरिंटेंडेंट (डीएमएस), केमिकल एंड मेटलर्जिकल असिस्टेंट (सीएमए) और अन्य पदों के लिए जारी उत्तर कुंजी पर आपत्तियां दर्ज करने का कल (28 दिसंबर) आखिरी दिन है। जिन अभ्यर्थियों को लगता है उत्तर कुंजी में त्रुटि है, वे आरआरबी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आरआरबी जेई आंसर-की को चुनौती दे सकते हैं।
आरआरबी जेई प्रोविजनल आंसर की पर आपत्ति उठाने के लिए अभ्यर्थियों को 50 रुपये का शुल्क देना होगा। नोटिस में कहा गया है कि यदि आपत्ति सही पाई जाती है तो बैंक कटौती के बाद शुल्क वापस कर दिया जाएगा।
आरआरबी जेई सीबीटी 1 परीक्षा 16, 17 और 18 दिसंबर 2024 को आयोजित की गई थी। परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न शामिल थे। आरआरबी जेई भर्ती परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 1/3 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।
आरआरबी जेई भर्ती में 7,951 रिक्तियां हैं, जिनमें 17 पद केमिकल और मेटलर्जिकल सुपरवाइजर के लिए, और 7,934 पद जूनियर इंजीनियर, डिपो मैटेरियल सुपरिंटेंडेंट व केमिकल एंड मेटलर्जिकल असिस्टेंट के लिए हैं।
आरआरबी जेई भर्ती प्रक्रिया में तीन चरण शामिल हैं, जिसमें सीबीटी 1, सीबीटी 2 और मेडिकल परीक्षा (एमई) के साथ-साथ दस्तावेज़ सत्यापन (डीवी) शामिल हैं। सीबीटी 1 को पास करने वाले उम्मीदवार सीबीटी 2 के लिए उपस्थित होने के पात्र होंगे।
सीबीटी 1 का रिजल्ट जल्द ही जारी होने की उम्मीद है। इसे फाइनल आंसर की के साथ जारी किया जाएगा। आरआरबी जेई रिजल्ट 2024 जारी होने के बाद उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट चेक कर सकेंगे।