Abhay Pratap Singh | April 28, 2026 | 01:11 PM IST | 2 mins read
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अगले आदेश तक सभी स्कूल दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित होंगे।

नोएडा: गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने भीषण गर्मी और लू के कारण सीबीएसई और उत्तर प्रदेश बोर्ड समेत सभी बोर्ड के स्कूलों के समय में बदलाव किया है। यह निर्णय छात्रों को भीषण गर्मी से सुरक्षित रखने और गर्मी के कारण होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने के उद्देश्य से लिया गया है।
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 27 अप्रैल से अगले आदेश तक सभी स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे। यह निर्देश गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी के आदेशों के अनुपालन में जारी किया गया है।
आगे कहा कि, जिले में पड़ रही अत्यधिक गर्मी और गर्म हवाओं के बीच बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखा गया है। एक बयान में कहा गया है कि सभी संबंधित संस्थानों के लिए संशोधित समय का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है।
Also readपहले शिक्षा उपेक्षित थी, अब छात्रों के स्कूल छोड़ने की दर में भारी कमी आई - यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ
गौतमबुद्ध नगर के डीएम द्वारा जारी किया गया यह आदेश जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा, जिनमें सरकारी स्कूल, निजी स्कूल और सीबीएसई, आईसीएसई, आईबी, यूपी बोर्ड और अन्य बोर्डों से संबद्ध संस्थान शामिल हैं। अभिभावकों ने भी इस फैसले का समर्थन किया है।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी और स्कूलों के संचालन से जुड़ा कोई भी आगे का निर्णय आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति के अनुसार लिया जाएगा।
राजस्थान के सीकर में प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक और अजमेर में प्राइमरी से कक्षा 8 तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेंगी। पटना (बिहार) में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल सुबह 11:30 बजे तक चलेंगे।
(पीटीआई से प्राप्त इनपुट के आधार पर)