Trusted Source Image

Chhatron Ki Goonj: एमपी में आईडीए ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए 4,00,000 रुपये और मांगे

Press Trust of India | September 17, 2026 | 03:52 PM IST | 2 mins read

छात्रों की गूंज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया विद्यार्थी-संवाद अभियान है जिसके जरिये वह प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को घेरने का प्रयास कर रहे हैं।

मध्यप्रदेश के इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। (इमेज-आधिकारिक एक्स/राहुल गांधी)
मध्यप्रदेश के इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। (इमेज-आधिकारिक एक्स/राहुल गांधी)

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए जमीन की अस्थायी लीज के एवज में 10.08 लाख रुपये जमा कराने के बाद इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) ने कांग्रेस को करीब चार लाख रुपये और चुकाने को कहा है। आईडीए राज्य सरकार के तहत आता है।

इस निकाय द्वारा शहर कांग्रेस समिति के अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नाम जारी पत्र में कहा गया कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए 17 से 19 सितंबर तक 12,000 वर्ग मीटर भूमि अस्थायी लीज पर आवंटित की गई है, लेकिन स्थल निरीक्षण से पता चला है कि कांग्रेस द्वारा इसमें से 4,800 वर्ग मीटर जमीन का इस्तेमाल 14 सितंबर से किया जा रहा है। आईडीए ने इसके एवज में कांग्रेस को तीन दिन के लीज शुल्क के रूप में 4.03 लाख रुपये और चुकाने को कहा है।

इससे पहले, कांग्रेस ने छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने करीब 12,000 वर्ग मीटर में फैले मैदान की 17 से 19 सितंबर तक तीन दिन की अस्थायी लीज के लिए आईडीए के खाते में 10.08 लाख रुपये जमा कराए थे। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने आईडीए को शिकायत की थी कि अनुमति की शर्तों का उल्लंघन करते हुए इस जगह का निर्धारित अवधि से पहले उपयोग किया जा रहा है।

Also readबिहार के विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती व्यवस्था बदलेगी, राजभवन ने बनाई 'हाई-लेवल कमेटी'

यादव ने एक बयान में कहा, “यह मामला किसी राजनीतिक कार्यक्रम के विरोध का नहीं, बल्कि शासकीय भूमि के उपयोग के बदले निर्धारित राजस्व की वसूली का है।” उधर, शहर कांग्रेस समिति के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आईडीए की अतिरिक्त राशि की मांग पर आपत्ति जताई और इसे भाजपा नेताओं के कथित दबाव का परिणाम बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन सत्तारूढ़ दल के नेताओं की कठपुतली बना हुआ है।

कांग्रेस ने पहले शहर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में गांधी का कार्यक्रम 12 सितंबर को आयोजित करने की अनुमति मांगी थी, लेकिन महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा था कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के एक पुराने आदेश के तहत यह स्टेडियम सिर्फ खेलकूद या राज्यस्तरीय शासकीय आयोजनों के लिए ही दिया जा सकता है। इसके बाद कांग्रेस ने आयोजन की तारीख बढ़ाकर 19 सितंबर कर दी थी और रीजनल पार्क के सामने स्थित जमीन के लिए आवेदन किया था।

छात्रों की गूंज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया विद्यार्थी-संवाद अभियान है जिसके जरिये वह प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को घेरने का प्रयास कर रहे हैं। गांधी की अगुवाई में अब तक कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के चार संस्करण आयोजित किए गए हैं।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Trusted Source ImageAdd as a preferred source on google

Download Our App

Start you preparation journey for JEE / NEET for free today with our APP

  • Students300M+Students
  • College36,000+Colleges
  • Exams550+Exams
  • Ebooks1500+Ebooks
  • Certification16000+Certifications