Saurabh Pandey | May 25, 2026 | 06:03 PM IST | 2 mins read
हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी भर्ती के लिए दोबारा आवेदन लिंक खोल दिया है, जिसके तहत उम्मीदवार 29 मई 2026 तक फॉर्म भर सकते हैं। इसके साथ ही आयोग ने परीक्षा तिथियों में बदलाव कर दिया है।

नई दिल्ली : हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने अभियोजन विभाग में असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी (ग्रुप-बी) के पदों के लिए नए सिरे से आवेदन मांगे हैं। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन का लिंक 25 मई, 2026 से दोबारा सक्रिय कर दिया गया है। जो उम्मीदवार पहले आवेदन करने से चूक गए थे, वे अब 29 मई को शाम 5 बजे तक अपना ऑनलाइन आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही आयोग ने स्क्रीनिंग टेस्ट और सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट की नई तारीखों का भी ऐलान कर दिया है।
यह फैसला माननीय उच्च न्यायालय द्वारा एलपीए नंबर 3171/2025 और उससे जुड़े मामलों में 23 अप्रैल, 2026 को पारित आदेशों के अनुपालन में लिया गया है। इससे पहले आयोग ने 12 मई, 2026 को इस भर्ती के लिए संशोधित सिलेबस जारी किया था और स्क्रीनिंग टेस्ट की तारीख 21 जून, 2026 तय की थी, जिसे अब बदल दिया गया है। न्यायालय के आदेशों के बाद उन सभी योग्य अभ्यर्थियों को एक और मौका दिया गया है जो इस भर्ती का हिस्सा बनना चाहते हैं।
आयोग ने साफ किया है कि जिन उम्मीदवारों ने विज्ञापन संख्या 18/2025 के जवाब में पहले ही सफलतापूर्व आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की कोई आवश्यकता नहीं है। हालांकि, यदि कोई पुराना आवेदक अपने पहले से जमा किए गए फॉर्म में किसी तरह का बदलाव, सुधार या अपडेट करना चाहता है, तो उसे इस तय समय-सीमा के भीतर एक नया फ्रेश आवेदन फॉर्म जमा करना होगा।
एचपीएससी एडीए भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि तक 21 वर्ष से कम और 42 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयुसीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी।
परीक्षा कैलेंडर में बड़ा बदलाव करते हुए आयोग ने घोषणा की है कि असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी के पदों के लिए अब स्क्रीनिंग टेस्ट का आयोजन 5 जुलाई, 2026 को किया जाएगा। जो अभ्यर्थी इस स्क्रीनिंग टेस्ट में सफल होंगे, उनके लिए सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट का आयोजन 9 अगस्त, 2026 को किया जाएगा।
आयोग की भर्ती प्रक्रिया तीन चरणों में होती है, जिसमें स्क्रीनिंग टेस्ट, उसके बाद सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट और अंत में इंटरव्यू (साक्षात्कार) शामिल है।