Press Trust of India | November 11, 2026 | 10:47 AM IST | 2 mins read
इस बाबत अपराध शाखा ने इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 की धाराओं के साथ-साथ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रतिबंधित ई-सिगरेट और पारंपरिक सिगरेट के अवैध भंडारण और वितरण में शामिल एक कथित गिरोह का भंडाफोड़ कर पान दुकान के सात मालिकों समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 551 प्रतिबंधित ई-सिगरेट और 1.02 लाख पारंपरिक सिगरेट बरामद की हैं।
इस कार्रवाई से दिल्ली भर में पान की दुकानों खासकर स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों के पास स्थित दुकानों को आपूर्ति करने वाली आपूर्ति श्रृंखला का खुलासा हुआ है।
पुलिस ने बताया कि दो नवंबर को उन्हें विशिष्ट सूचना मिली थी कि त्रि नगर में हुक्का की दुकान चलाने वाला सुमित अग्रवाल उर्फ मिकी (37) नाम का व्यक्ति एक गोदाम में प्रतिबंधित ई-सिगरेट का भंडारण कर रहा है और अपनी दुकान के जरिए उनकी आपूर्ति कर रहा है।
पुलिस ने त्रि नगर के ओंकार नगर स्थित उसकी दुकान पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ओंकार नगर की लाल मंदिर वाली गली में एक मकान की पहली मंजिल पर बने गोदाम की तलाशी ली और विभिन्न ब्रांडों की 1,02,800 पारंपरिक सिगरेट और 484 प्रतिबंधित ई-सिगरेट बरामद कीं।
अधिकारियों ने बताया कि उसकी पूछताछ और अन्य खुफिया जानकारियों के आधार पर की गई आगे की जांच के बाद नौ और लोगों को पकड़ा गया। इसके बाद ई-सिगरेट की कुल बरामदगी बढ़कर 551 हो गई।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान सुमित अग्रवाल उर्फ मिकी (37), सलीम उर्फ राम यादव (49), सबी कुमार (33), मणी लाल चौरसिया (55), लाल जी (47), पवन चौरसिया (46), गुलाब चंद चौरसिया (49), शुभम (28), रवि (31) और विवेक (30) के रूप में हुई है।
इस बाबत अपराध शाखा ने इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 की धाराओं के साथ-साथ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।