Saurabh Pandey | July 30, 2026 | 03:54 PM IST | 3 mins read
डीयू सीएसएएस के तहत यूजी एडमिशन के तीसरे राउंड में सीट का आवंटन बुधवार, 5 अगस्त 2026 तक उपलब्ध उम्मीदवारों के डेटा के आधार पर किया जाएगा। इसलिए, यह ध्यान दिया जाए कि तीसरे राउंड का न्यूनतम आवंटन स्कोर और रैंक पिछले राउंड के स्कोर और रैंक से संबंधित नहीं होंगे।

नई दिल्ली : दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) 2026 के तहत अंडरग्रेजुएट एडमिशन के तीसरे राउंड का शेड्यूल जारी कर दिया है। यूनिवर्सिटी ने उन कैंडिडेट्स के लिए मिड-एंट्री का मौका भी दिया है जो पहले रजिस्टर नहीं कर पाए थे। मिड-एंट्री के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 3 अगस्त से शुरू होगी।
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, वार्ड कोटा का संशोधित आवंटन और पहली आवंटन सूची 1 अगस्त को CSAS UG 2026 पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। आवंटन सूची की घोषणा के बाद, उम्मीदवारों के आवेदनों का सत्यापन और पुष्टि 3 अगस्त तक की जाएगी। प्रवेश पाने वाले उम्मीदवारों को 4 अगस्त तक प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। डीयू के मुताबिक, सीट एलोकेशन के पहले दो राउंड के जरिए 71,000 से अधिक उम्मीदवार 2026-27 एकेडमिक सेशन के लिए अपना एडमिशन कन्फर्म कर चुके हैं।
जिन उम्मीदवारों को गलत सब्जेक्ट-मैपिंग, प्रोग्राम-के लिए पात्रता पूरी न करने, अमान्य दस्तावेजों के कारण राउंड-I और II में रिजेक्ट कर दिया गया था, वे अपनी सब्जेक्ट-मैपिंग ठीक कर सकेंगे और अपनी प्राथमिकताओं में बदलाव कर सकेंगे।
डीयू यूजी एडमिशन के लिए मिड-एंट्री विंडो के जरिए अप्लाई करने वाले कैंडिडेट्स को 1,000 रुपये की नॉन-रिफंडेबल फीस देनी होगी। मिड-एंट्री के लिए रजिस्ट्रेशन विंडो 3 अगस्त को सुबह 10 बजे से 5 अगस्त को शाम 4:59 बजे तक खुली रहेगी। उम्मीदवारों को 6 और 7 अगस्त के बीच अपने कॉलेज और प्रोग्राम की पसंद को फिर से री-ऑर्डर करने की भी इजाजत होगी।
जो उम्मीदवार दूसरे चरण को पूरा नहीं कर पाए थे और इसमें शामिल होना चाहते हैं, वे भी सोमवार, 3 अगस्त 2026 से बुधवार, 5 अगस्त 2026 की रात 11:59 बजे तक अपनी प्राथमिकताएं दे सकेंगे। उम्मीदवारों को अपनी प्राथमिकताएं सेव और सबमिट करना सुनिश्चित करना होगा। ईसीए, स्पोर्ट्स, सीडब्ल्यू, वार्ड सुपरन्यूमरेरी कोटा; परफॉर्मेंस-बेस्ड प्रोग्राम (जैसे B.A.(H) म्यूजिक, बीएससी (PE, HE & S) और प्रैक्टिकल-बेस्ड प्रोग्राम (जैसे BFA) के लिए मिड-एंट्री की अनुमति नहीं होगी।
दिल्ली यूनिवर्सिटी के जारी एडमिशन शेड्यूल के अनुसार, तीसरे राउंड में सीट का आवंटन बुधवार, 5 अगस्त, 2026 तक उपलब्ध उम्मीदवारों के डेटा के आधार पर किया जाएगा। इसलिए, यह ध्यान दिया जाए कि तीसरे राउंड का न्यूनतम आवंटन स्कोर और रैंक पिछले राउंड के स्कोर और रैंक से संबंधित नहीं होंगे। इस संबंध में किसी भी शिकायत पर विचार नहीं किया जाएगा।
राउंड 3 में सीट पाने वाले कैंडिडेट्स को 8 अगस्त से 10 अगस्त (शाम 4:59 बजे) के बीच अपनी सीट स्वीकार करनी होगी। कॉलेज 8 अगस्त से 11 अगस्त के बीच एप्लीकेशन को वेरिफाई और अप्रूव करेंगे, जबकि एडमिशन फीस जमा करने की आखिरी तारीख 11 अगस्त (शाम 4:59 बजे) है।