Press Trust of India | April 8, 2026 | 09:37 PM IST | 2 mins read
विभाग के अनुसार, दिल्ली के सरकारी स्कूलों से 5वीं, 8वीं और 10वीं उत्तीर्ण करने वाले छात्रों के लिए 50% सीटें आरक्षित रहेंगी जबकि शेष सीटें अन्य पात्र आवेदकों के लिए उपलब्ध हैं।

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दिल्ली के ‘सीएम श्री’ स्कूलों में कक्षा 6 और कक्षा 9 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 13 अप्रैल से और कक्षा 11 के लिए 7 मई, 2026 से शुरू होगी। प्रवेश परीक्षाओं के लिए बुधवार को एडमिट कार्ड वितरित कर दिए गए।
दिल्ली शिक्षा निदेशालय द्वारा मंगलवार को जारी एक सार्वजनिक नोटिस में बताया गया कि कक्षा 6 और 9 के लिए प्रवेश परीक्षाएं मार्च के अंतिम सप्ताह में आयोजित की जाएंगी और इसके परिणाम 30 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे।
वहीं, 11वीं कक्षा की परीक्षा मई में होगी और इसके परिणाम 25 मई को जारी किए जाएंगे। शिक्षा विभाग द्वारा जारी एक परिपत्र में कहा गया कि, केवल दिल्ली के वे निवासी ही आवेदन करने के पात्र होंगे जिन्होंने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान राष्ट्रीय राजधानी के किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में पढ़ाई की है।
Also readपहले शिक्षा उपेक्षित थी, अब छात्रों के स्कूल छोड़ने की दर में भारी कमी आई - यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ
विभाग के अनुसार, दिल्ली के सरकारी स्कूलों से 5वीं, 8वीं और 10वीं उत्तीर्ण करने वाले छात्रों के लिए 50% सीटें आरक्षित रहेंगी जबकि शेष सीटें अन्य पात्र आवेदकों के लिए उपलब्ध हैं। प्रवेश परीक्षा वस्तुनिष्ठ और ‘ओएमआर’आधारित होगी। विभाग की वेबसाइट पर कक्षावार पाठ्यक्रम का विवरण और ओएमआर का एक नमूना जारी किया जाएगा।
कक्षा 6 का प्रश्न पत्र द्विभाषी होगा, जबकि नौवीं और 11वीं का प्रश्न पत्र अंग्रेजी में होगा। साथ ही इसमें नकारात्मक अंकन भी किया जाएगा। छठी कक्षा की परीक्षा के लिए अधिकतम अंक 300 हैं, जबकि नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा की परीक्षाओं के लिए 400-400 अंक निर्धारित किए गए हैं।
दिल्ली सरकार के ‘सीएम श्री’ स्कूलों का उद्देश्य आधुनिक बुनियादी ढांचे, अद्यतन पाठ्यक्रम और समग्र शिक्षण पद्धतियों के साथ शिक्षा प्रदान करना है। इससे पूर्व 17 फरवरी को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के 75 सरकारी स्कूलों में इस कार्यक्रम की शुरुआत की थी और सरोजिनी नगर में एक ‘सीएम श्री’ स्कूल का उद्घाटन किया था।