Santosh Kumar | July 20, 2026 | 05:18 PM IST | 2 mins read
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की मांगों में सोनम वांगचुक की तुरंत रिहाई, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और आत्महत्या करने वाले सभी नीट 2026 उम्मीदवारों के परिवारों को ₹1-1 करोड़ का मुआवजा देना शामिल है।

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) से जुड़े प्रदर्शनकारी छात्रों और युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक और छात्रों की आत्महत्या जैसे मुद्दों को लेकर जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया। निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा आंसू गैस छोड़े जाने और बेरहमी से लाठीचार्ज किए जाने के बीच, सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल के आशुतोष रांका और सौरभ दास ने सरकार को एक लिखित याचिका सौंपी, जिसमें मुख्य रूप से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई।
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। सरकार की ओर से नड्डा ने वार्ता की पहल ऐसे समय की जब प्रदर्शनकारी मध्य दिल्ली में संसद की ओर मार्च करने का प्रयास किया।
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने दावा किया कि नड्डा ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह इस मुद्दे पर सरकार के भीतर चर्चा करेंगे और संगठन की मांगों पर सरकार के शीर्ष नेतृत्व से विचार-विमर्श के लिए कुछ समय मांगा है।
कॉजपा की मांगों में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी शामिल है। कॉजपा के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री के आवास पर उनसे लगभग 10 मिनट तक मुलाकात की।
सौरभ दास ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''दो घंटे से अधिक समय तक इंतजार करने के बाद जेपी नड्डा जी से उनके आवास पर लगभग 10 मिनट तक मुलाकात की। हमने अपनी मांगों से संबंधित एक लिखित ज्ञापन उन्हें सौंपा।"
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की मांगों में सोनम वांगचुक की तुरंत रिहाई, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और आत्महत्या करने वाले सभी नीट 2026 उम्मीदवारों के परिवारों को ₹1-1 करोड़ का मुआवजा देना शामिल है।
रांका ने कहा कि सरकार से बातचीत का माध्यम स्थापित करने के लिए नयी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त ने रविवार देर रात ही उनसे संपर्क किया। बातचीत सुबह छह बजे से शुरू हुई और सुबह 11:45 बजे मुलाकात पर सहमति बनी।''
कॉजपा के संसद मार्च में शामिल प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा भारी बैरिकेडिंग, लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के बावजूद पीछे हटने से इनकार कर दिया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए।
पुलिस ने लाठीचार्ज को हालात काबू में करने का तरीका बताया, जबकि सीजेपी ने इसे 'काला दिन' करार दिया। कई सांसदों ने संसद में यह मुद्दा उठाया। सीजेपी ने पुलिस पर बिना उकसावे के हिंसा करने का आरोप लगाया।