Abhay Pratap Singh | November 18, 2026 | 11:37 AM IST | 2 mins read
प्रायोगिक परीक्षा दो पाली में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली का समय सुबह 8:00 बजे से 11:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली का समय दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक है।

नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE), रायपुर ने हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) और हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) परीक्षा वर्ष 2027 के नियमित छात्र-छात्राओं की प्रायोगिक परीक्षा एवं प्रोजेक्ट वर्क का कार्यक्रम जारी कर दिया है। छत्तीसगढ़ बोर्ड के अनुसार, प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी से 20 जनवरी, 2027 तक संबंधित स्कूलों में आयोजित की जाएंगी।
बोर्ड ने आधिकारिक नोटिस में बताया कि, प्रायोगिक परीक्षा या प्रोजेक्ट वर्क में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को किसी भी परिस्थिति में विशेष अनुमति नहीं दी जाएगी और न ही परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। ऐसे विद्यार्थियों को अनुपस्थित ही माना जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संस्था के प्राचार्य और विद्यार्थी की होगी।
निर्धारित समयावधि में सीजीबीएसई द्वारा नियुक्त बाहरी परीक्षक से ही प्रायोगिक परीक्षा आयोजित कराई जाएंगी। संस्था अपनी ओर से किसी बाहरी परीक्षक की नियुक्ति नहीं कर सकेगा और यदि ऐसा किया जाता है, तो परीक्षाओं को मान्यता नहीं दी जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि संबंधित बाहरी परीक्षक से संपर्क कर प्रायोगिक परीक्षा की तिथि निर्धारित करें।
प्रायोगिक परीक्षा दो पाली में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली का समय सुबह 8:00 बजे से 11:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली का समय दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक है। 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले विद्यार्थियों को उनकी मांग के आधार पर लेखक, प्रवाचक (रीडर) या प्रयोगशाला सहायक की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
आंतरिक परीक्षक की नियुक्ति संबंधित संस्था स्तर पर की जाएगी। इसके लिए संबंधित विषय के शिक्षकों को ही नियुक्त किया जाएगा। प्रोजेक्ट वर्क के लिए कोई बाहरी एग्जामिनर नहीं रखा जाएगा, बल्कि संबंधित विषय शिक्षक ही निर्धारित समय में इसे संपन्न कराएंगे। प्रायोगिक परीक्षा और प्रैक्टिकल वर्क का आंतरिक मूल्यांकन भी संस्था स्तर पर ही किया जाएगा।
सीजीबीएसई ने स्कूलों को प्रैक्टिकल एग्जाम और प्रोजेक्ट वर्क के अंक 31 जनवरी, 2027 तक ऑनलाइन मंडल पोर्टल पर जमा करने के निर्देश दिए हैं। पोर्टल लॉक करने के पहले सभी एंट्री को अच्छी तरह से जांच लेना चाहिए, क्योंकि पोर्टल लॉक करने के बाद सुधार नहीं किया जा सकेगा।
निर्धारित तिथि के बाद पोर्टल दो दिन के लिए खोला जाएगा। इस दौरान प्रति दिवस 1000 रुपये विलंब शुल्क के साथ संस्थानों को सुधार का मौका दिया जाएगा। लेट फीस छात्रों से नहीं लिया जाएगा।
बोर्ड ने स्कूलों से कहा कि बंडल के ऊपर परीक्षा का नाम, वर्ष 2027, विषय का नाम, छात्र संख्या अंकित करें तथा अंकों के सील बंद लिफाफे एवं मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं के बंडलों को परीक्षा परिणाम घोषित होने की तिथि से 6 माह तक अपनी संस्था में सुरक्षित रखे।
कक्षा 12वीं में पर्यावरण अध्ययन के पाठ्यक्रम अनुसार अध्यापन कार्य एवं दो प्रोजेक्ट विद्यालय स्तर पर अनिवार्य कर दिया गया है। स्कूलों को 50 अंक की परीक्षा आयोजित करनी होगी और विद्यार्थियों के अंक 31 जनवरी तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने होंगे।