Saurabh Pandey | June 22, 2026 | 08:42 AM IST | 2 mins read
सीबीएसई ने कक्षा 12वीं के स्क्रूटनी और पुनर्मूल्यांकन के नतीजे डिजिलॉकर पर जारी कर दिया है। जिन छात्रों के अंकों में बदलाव हुआ है वे अपनी संशोधित मार्कशीट ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं।

नई दिल्ली : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए 'वेरिफिकेशन ऑफ इश्यूज' (स्क्रूटनी) और री-इवैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) के नतीजों की घोषणा शुरू कर दी है। बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जिन छात्रों ने अपने अंकों में सुधार या री-चेकिंग के लिए आवेदन किया था, वे 21 जून 2026 से डिजिलॉकर के माध्यम से अपने परिणाम देख सकते हैं। सीबीएसई ने छात्रों को आश्वस्त किया है कि पूरी प्रक्रिया को बेहद पारदर्शी और सटीक तरीके से पूरा किया गया है।
सीबीएसई के मुताबिक, री-इवैल्यूएशन और वेरिफिकेशन के लिए आवेदन करने वाले लगभग 87% उम्मीदवारों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। चूंकि यह प्रक्रिया पूरी तरह से व्यक्तिगत आवेदनों की जांच पर आधारित है, इसलिए बचे हुए छात्रों के परिणाम भी चरणबद्ध तरीके (Phased Manner) से जल्द ही जारी कर दिए जाएंगे। जिन छात्रों के अंकों में बदलाव हुआ है, वे डिजिलॉकर की आधिकारिक वेबसाइट results.digilocker.gov.in पर जाकर अपनी अपडेटेड मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं।
इस साल पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज (Post-Result Services) प्लेटफ़ॉर्म की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की मदद ली गई थी। डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन, आईआईटी कानपुर (IIT Kanpur) और आईआईटी मद्रास (IIT Madras) के विशेषज्ञों ने सीबीएसई की टीम के साथ मिलकर काम किया, ताकि सिस्टम को किसी भी तरह के अनधिकृत एक्सेस से सुरक्षित रखा जा सके और पूरी प्रक्रिया की सत्यता सुनिश्चित की जा सके।
सीबीएसई ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी तरह की अफवाहों या असत्यापित खबरों पर भरोसा न करें। इसके साथ ही बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों के अंकों में कोई बदलाव नहीं हुआ है, उन्हें अपने संबंधित सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय (Regional Office) में जाकर अपनी उत्तर पुस्तिकाओं का निरीक्षण करने का अवसर दिया जाएगा, जिसका शेड्यूल जल्द ही जारी होगा।
Also read CBSE Curriculum: सीबीएसई पाठ्यक्रम में मैथिली को मिली जगह, सीएम ने कहा- मिथिला के लिए गर्व की बात
गौरतलब है कि सीबीएसई ने 13 मई 2026 को कक्षा 12वीं की मुख्य परीक्षा के परिणाम घोषित किए थे, जिसमें लगभग 17.69 लाख छात्र शामिल हुए थे। इसके बाद छात्रों को 19 मई से 25 मई तक अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने और फिर 2 जून से 7 जून 2026 तक री-इवैल्यूएशन और वेरिफिकेशन के लिए आवेदन करने का मौका दिया गया था। छात्र किसी भी प्रकार की सहायता या समस्या के लिए resultcbse2026@cbseshiksha.in पर मेल कर सकते हैं या क्षेत्रीय कार्यालयों और हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं।