Santosh Kumar | December 30, 2025 | 07:29 AM IST | 1 min read
बिहार एसआई एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र, शिफ्ट और अन्य जरूरी निर्देशों की जानकारी है। एडमिट कार्ड के बिना परीक्षा केंद्र में एंट्री नहीं मिलेगी।

नई दिल्ली: बिहार पुलिस सबऑर्डिनेट सर्विसेज सिलेक्शन कमीशन (बीपीएसएससी) ने आज ऑफिशियल वेबसाइट bpssc.bihar.gov.in पर बिहार पुलिस सब-इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती प्रारंभिक परीक्षा 2025 का एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। यह भर्ती विज्ञापन संख्या 05/2025 के तहत 1799 पदों के लिए की जा रही है। उम्मीदवार अब अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि का उपयोग करके बिहार एसआई एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
बिहार एसआई एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र, शिफ्ट और अन्य जरूरी निर्देशों की जानकारी है। एडमिट कार्ड के बिना परीक्षा केंद्र में एंट्री नहीं मिलेगी। प्रारंभिक लिखित परीक्षा 18 और 21 जनवरी, 2026 को दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा दोनों दिन सुबह और शाम की शिफ्ट होंगी। उम्मीदवारों को रिपोर्टिंग समय पर पहुंचना होगा। एडमिट कार्ड के साथ, कोई भी वैलिड फोटो पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट साथ लाना जरूरी है।
अगर आपके एडमिट कार्ड पर फोटो साफ नहीं है, तो अपने साथ 2 पासपोर्ट साइज की फोटो लेकर जाएं। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी, कैंडिडेट्स को सुबह 8:30 बजे तक एग्जाम सेंटर पर पहुंचना होगा।
दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी। कैंडिडेट्स को दोपहर 1 बजे तक एग्जाम सेंटर पर मौजूद रहना होगा। परीक्षा के लिए रोल नंबर वाइज परीक्षा केन्द्रों की सूची आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
अगर कोई कैंडिडेट एडमिट कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड नहीं कर पाता है, तो वे जरूरी डॉक्यूमेंट्स साथ लाकर 9 जनवरी, 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच पटना में बीपीएसएससी ऑफिस से डुप्लीकेट एडमिट कार्ड ले सकते हैं।