Santosh Kumar | October 14, 2026 | 07:52 AM IST | 1 min read
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 सितंबर को शुरू हुई। इच्छुक उम्मीदवार 26 अक्टूबर तक आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं।

नई दिल्ली: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने स्कूल शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4.0) के चौथे चरण के संबंध में एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। यह सूचना बिहार शिक्षा विभाग के अंतर्गत कुल 33,320 शिक्षक पदों को भरने से संबंधित है। इस नई अधिसूचना के अनुसार, 2024–2026 डीएलएड (डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन) बैच के उम्मीदवार, जो 2026 में उत्तीर्ण हुए हैं-वे भी टीआरई-4 के लिए आवेदन करने के पात्र हैं।
आयोग ने साफ किया है कि ऐसे उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करते समय अपनी मार्कशीट की वेब कॉपी अपलोड करनी होगी। यह नियम खास तौर पर उन उम्मीदवारों के लिए बनाया गया है जिन्होंने हाल ही में अपने कोर्स पूरे किए हैं।
बीपीएससी टीआरई-4.0 भर्ती के तहत प्राइमरी, मिडिल, सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी लेवल पर शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। आयोग द्वारा जारी कुल वैकेंसी की संख्या, जो पहले 32,388 थी, उसे बढ़ाकर 33,320 कर दिया गया है।
इसमें सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी लेवल के अतिरिक्त पद भी शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 सितंबर को शुरू हुई। इच्छुक उम्मीदवार 26 अक्टूबर तक आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
फीस जमा करने की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर तय की गई है। इस फैसले से डीएलएड प्रोग्राम पास करने वाले युवाओं को बड़ी राहत मिली है। शिक्षा विभाग और आयोग की इस पहल से आवेदनों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
परीक्षा में कुल 83,615 उम्मीदवार शामिल हुए; इनमें से 83,614 उम्मीदवारों के मार्क्स अपलोड कर दिए गए हैं, जबकि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार एक उम्मीदवार के मार्क्स रोक दिए गए हैं।
Santosh Kumar