Saurabh Pandey | May 18, 2026 | 04:46 PM IST | 1 min read
बिहार बोर्ड ने साफ तौर पर निर्देश दिया है कि निर्धारित अंतिम तिथि के बीत जाने के बाद या ऑनलाइन के अलावा किसी अन्य माध्यम (जैसे डाक, ईमेल या ऑफलाइन) से भेजी गई आपत्तियों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी संबंधित छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते उत्तर कुंजी की जांच कर लें।

नई दिल्ली : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने औद्योगिक प्रशिक्षण उच्च माध्यमिक स्तरीय भाषा परीक्षा, 2026 की उत्तर कुंजी जारी कर दी है। यह परीक्षा राज्य के आईटीआई (ITI) छात्रों के लिए हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू भाषा विषयों के लिए आयोजित की गई थी। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की उत्तर कुंजी आधिकारिक वेबसाइट iti.biharboardonline.org पर देख सकते हैं और अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं।
समिति द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यदि किसी परीक्षार्थी को वेबसाइट पर अपलोड की गई उत्तर कुंजी में कोई गलती या त्रुटि नजर आती है, तो वे इसके खिलाफ अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। ऑनलाइन माध्यम से आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 21 मई 2026 निर्धारित की गई है। इस तय समय सीमा के बाद किसी भी शिकायत पर विचार नहीं किया जाएगा।
आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया को बोर्ड ने पूरी तरह ऑनलाइन और सरल रखा है। इसके लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट iti.biharboardonline.org पर जाना होगा। वेबसाइट के होमपेज पर छात्रों को "Register objection regarding Answer Key ITI Higher Secondary Level Language Exam, 2026" वाले लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद मांगी गई जरूरी जानकारी भरकर छात्र अपनी आपत्ति सबमिट कर सकते हैं।
बिहार बोर्ड द्वारा यह परीक्षा 29 और 30 अप्रैल 2026 को राज्य के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद बोर्ड ने तेजी से काम करते हुए इसकी उत्तर कुंजी पोर्टल पर लाइव कर दी है, जिससे छात्र अपनी परफॉर्मेंस का आंकलन कर सकें।