Saurabh Pandey | July 24, 2026 | 10:39 PM IST | 2 mins read
एम्स नॉरसेट परीक्षा देश भर के अलग-अलग सेंट्रल गवर्नमेंट अस्पतालों और एम्स संस्थानों में नर्सिंग ऑफिसर्स की भर्ती के लिए आयोजित की जाती है। यह एक नेशनल लेवल की परीक्षा है और इसे ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS), नई दिल्ली द्वारा आयोजित किया जाता है।

नई दिल्ली : ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS), नई दिल्ली ने नर्सिंग ऑफिसर रिक्रूटमेंट कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (NORCET)-11 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 24 जुलाई से शुरू कर दी है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत AIIMS नई दिल्ली और इसमें शामिल अन्य एम्स संस्थानों में नर्सिंग ऑफिसर (ग्रुप B) के पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 13 अगस्त, 2026 को शाम 5 बजे तक है।
यह भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में कंप्यूटर-बेस्ड टेस्ट (CBT) के जरिए होगी, जिसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल जांच होगी। आवेदकों को ध्यान देना चाहिए कि वैकेंसी की संख्या की घोषणा अलग से की जाएगी।
एम्स नॉरसेट 11 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की उम्र 18 से 30 साल के बीच होनी चाहिए। हालांकि, तय नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को उम्र में छूट मिलेगी।
उम्मीदवारों के पास बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग, बीएससी नर्सिंग या पोस्ट-बेसिक बीएससी नर्सिंग की योग्यता होनी चाहिए और साथ ही नर्स और मिडवाइफ के तौर पर रजिस्ट्रेशन भी होना चाहिए। जिन आवेदकों के पास जनरल नर्सिंग और मिडवाइफरी का डिप्लोमा है, वे भी आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते वे नर्स और मिडवाइफ के तौर पर रजिस्टर्ड हों और उनके पास कम से कम 50 बेड वाले अस्पताल में दो साल का अनुभव हो।
एम्स नॉरसेट 11 के लिए जनरल और ओबीसी कैटेगरी के उम्मीदवारों को 3,000 रुपये का शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के लिए आवेदन शुल्क 2,400 रुपये देना होगा। वहीं दिव्यांगों को आवेदन शुल्क देने से छूट दी गई है। इसके साथ ही, एम्स ने कहा है कि परीक्षा में शामिल होने वाले एससी और एसटी उम्मीदवारों द्वारा दिया गया आवेदन शुल्क, उनके कैटेगरी सर्टिफिकेट के वेरिफिकेशन के बाद, रिजल्ट घोषित होने पर वापस कर दी जाएगी।
एम्स नॉरसेट 11 प्रीलिम्स परीक्षा 12 सितंबर, 2026 को आयोजित की जाएगी, जबकि AIIMS NORCET 11 की मुख्य परीक्षा 30 सितंबर, 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दोनों चरण कंप्यूटर-बेस्ड टेस्ट के तौर पर आयोजित किए जाएंगे।