Saurabh Pandey | November 4, 2026 | 08:51 AM IST | 2 mins read
सुप्रीम कोर्ट में जूनियर कोर्ट अटेंडेंट पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया में जूनियर कोर्ट अटेंडेंट' (ग्रुप 'सी') के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार इन रिक्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2026 है।
सुप्रीम कोर्ट जेसीए भर्ती के लिए 1 अक्टूबर 2026 तक उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष होनी चाहिए। केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग (नॉन-क्रीमी लेयर), दिव्यांगजनों, पूर्व सैनिकों और स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के विभागीय कर्मचारियों के लिए कोई ऊपरी आयु सीमा नहीं होगी।
सुप्रीम कोर्ट जूनियर कोर्ट अटेंडेंट भर्ती 2026 के लिए शैक्षणिक योग्यता सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त किसी भी बोर्ड या संस्थान से न्यूनतम 10वीं कक्षा (मैट्रिक) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, जबकि इस पद या प्रक्रिया के लिए स्वीकार्य अधिकतम योग्यता 12वीं कक्षा उत्तीर्ण रखी गई है।
सुप्रीम कोर्ट में जूनियर कोर्ट अटेंडेंट भर्ती के लिए सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,500 रुपये है। अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC - NCL), भूतपूर्व सैनिक और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 750 रुपये है। इसके अलावा बैंक चार्ज अलग से देना होगा। यह शुल्क नॉन-रिफंडेबल है और इसका भुगतान केवल UCO बैंक द्वारा प्रदान किए गए ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट जूनियर कोर्ट अटेंडेंट पदों के लिए वस्तुनिष्ठ परीक्षा 26 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी, जबकि इंटरव्यू की डेट की जानकारी सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर दी जाएगी। इसकी सूचना उम्मीदवार के पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल पर भी एमएमएस और ईमेल द्वारा भेजी जाएगी।