Saurabh Pandey | October 24, 2026 | 11:41 AM IST | 2 mins read
एसएससी ने जूनियर इंजीनियर (जेई) भर्ती परीक्षा की सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी है। जिन उम्मीदवारों ने 'अपना लेखक' चुनने का विकल्प चुना है, वे 27 अक्टूबर 2026 तक अपने 'लेखक को मैप कर सकेंगे।

नई दिल्ली : कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने 1699 रिक्तियों के लिए एसएससी जेई सिटी इंटिमेशन स्लिप 2026 जारी कर दी है। जूनियर इंजीनियर पेपर-I परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार, आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर अपने रजिस्टर्ड क्रेडेंशियल्स जैसे यूजरनेम, पासवर्ड और कैप्चा कोड का उपयोग करके अपनी एग्जाम सिटी स्लिप की पीडीएफ डाउनलोड कर सकते हैं।
एसएससी जेई सिटी इंटिमेशन स्लिप 2026, पेपर 1 में शामिल होने वाले उम्मीदवार आवंटित परीक्षा शहर तक अपनी यात्रा की योजना बनाने के लिए शहर के विवरण का उपयोग कर सकते हैं।
स्वयं के स्क्राइब की सुविधा लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने नए निर्देश जारी किए हैं। 5 नवंबर 2025 से पहले किए गए सभी स्क्राइब रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिए गए हैं, इसलिए स्क्राइब के रूप में शामिल होने वाले सभी व्यक्तियों का नया पंजीकरण कराना अनिवार्य है। अब स्क्राइब रजिस्ट्रेशन को आधार सत्यापन से जोड़ दिया गया है।
'स्वयं का स्क्राइब' चुनने वाले अभ्यर्थियों को अपने स्क्राइब का ओटीआर 27 अक्टूबर 2026 (रात 11 बजे) तक मैप करना होगा। स्क्राइब एंट्री पास केवल उन्हीं अभ्यर्थियों का जनरेट होगा जो अपने स्क्राइब के ओटीआर को सफलतापूर्वक मैप कर लेंगे। अभ्यर्थियों को स्क्राइब एंट्री पास बनवाने के लिए अपने स्क्राइब का रजिस्ट्रेशन नंबर सबमिट करना अनिवार्य होगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के लिए 'प्रवेश पत्र' संबंधित परीक्षा तिथि से लगभग 2 से 3 दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध करा दिए जाएंगे। अभ्यर्थी इन्हें भी वेबसाइट के लॉगिन मॉड्यूल से ही डाउनलोड कर सकेंगे।
एसएससी जेई भर्ती के लिए पेपर-I की कंप्यूटर आधारित परीक्षा 2 नवंबर से 6 नवंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। इसका आयोजन 6 विशिष्ट विषयों-सिविल एंड स्ट्रक्चरल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल इंजीनियरिंग (जनरल इंजीनियरिंग) और आईएमडी साइंटिफिक असिस्टेंट (SA) के कंप्यूटर साइंस/आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन, और फिजिक्स के लिए किया जाएगा।
एसएससी जेई (टेलीकम्युनिकेशन) पद के लिए परीक्षा 30 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएगी, जिसके लिए परीक्षा शहर की जानकारी 8-10 दिन पहले उपलब्ध करा दी जाएगी।
जिन अभ्यर्थियों ने जेई (टेलीकम्युनिकेशन) चुना था और वे साइंटिफिक असिस्टेंट (SA) के लिए भी पात्र थे, उनके लिए आयोग ने ईसी/टीसी को डिफॉल्ट विषय माना है। यदि ऐसे अभ्यर्थी अपना विषय बदलकर सीएस/आईटी या फिजिक्स करना चाहते हैं, तो उन्हें 27 अक्टूबर 2026 (रात 11 बजे तक) विषय बदलने का अवसर दिया गया है। इसके बाद किसी भी बदलाव की अनुमति नहीं दी जाएगी और अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड पर अंकित विषय में ही परीक्षा देनी होगी।