Saurabh Pandey | July 7, 2026 | 08:54 PM IST | 2 mins read
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने एलडीसी और जूनियर असिस्टेंट के 10,644 पदों की परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों को फॉर्म में सुधार का अंतिम अवसर दिया है। इसके लिए ऑनलाइन करेक्शन विंडो 9 से 15 जुलाई 2026 तक खुली रहेगी।

नई दिल्ली : राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने लिपिक ग्रेड-II (एलडीसी) और जूनियर असिस्टेंट के 10,644 पदों की भर्ती परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म में सुधार का अंतिम अवसर दिया है। बोर्ड द्वारा इसके लिए ऑनलाइन करेक्शन विंडो 9 जुलाई से 15 जुलाई 2026 (रात 11:59 बजे) तक खोली जाएगी। बोर्ड द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों के फॉर्म में कोई गड़बड़ी रह गई है, वे निर्धारित तारीखों के बीच ऑनलाइन शुल्क देकर अपनी त्रुटियों को सुधार सकते हैं।
पूर्व में जारी विज्ञापन के नियमों के तहत परीक्षा आयोजन से करीब एक महीने पहले ही 7 दिनों के लिए संशोधन का मौका दिया जाना था, लेकिन बोर्ड ने नई विज्ञप्ति के जरिए नियमों को प्रतिस्थापित करते हुए अब परीक्षा के बाद यह अंतिम अवसर देने का निर्णय लिया है।
अभ्यर्थी 300 रुपये की ऑनलाइन फीस देकर अपने फॉर्म में अपनी कैटेगरी (श्रेणी), जेंडर (लिंग), शादी की स्थिति और टीएसपी क्षेत्र जैसी जानकारियों को सुधार सकते हैं। इसके साथ ही, उम्मीदवारों को सबसे बड़ी राहत यह दी गई है कि वे इस दौरान अपने पसंदीदा विभागों की प्राथमिकता क्रम (Department Preference) में भी बदलाव या संशोधन कर सकते हैं।
ध्यान रहे कि आवेदन फॉर्म में आप खुद का नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, अपनी फोटो, सिग्नेचर और अपनी पढ़ाई-लिखाई (शैक्षणिक योग्यता) से जुड़ी जानकारियों को नहीं बदल सकते हैं।
बोर्ड ने साफ कहा है कि फॉर्म में जाति, जेंडर या विभाग की पसंद गलत होने से आपके रिजल्ट पर बुरा असर पड़ सकता है। इसलिए सभी उम्मीदवार अपने फॉर्म को एक बार दोबारा ध्यान से देख लें और 15 जुलाई से पहले सुधार कर लें, क्योंकि इसके बाद ऑफलाइन या ऑनलाइन किसी भी तरह से सुधार का दूसरा मौका नहीं मिलेगा।
राजस्थान फॉरेस्टर भर्ती के लिए रजिस्टर्ड उम्मीदवार, जिनके आवेदन फॉर्म में कोई त्रुटि रह गई है, वे इस प्रक्रिया के दौरान सुधार कर सकते हैं। आरएसएसबी फॉरेस्टर आवेदन सुधार विंडो 10 से 16 जुलाई के बीच सक्रिय रहेगी।
Santosh Kumar