Saurabh Pandey | March 3, 2026 | 08:47 AM IST | 2 mins read
उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि यह केवल एक सूचना पर्ची है और इससे परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलती है। आरआरबी पैरामेडिकल स्टाफ एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र का पता, रिपोर्टिंग समय, शिफ्ट का समय और सीबीटी के लिए निर्देश दिए गए होंगे।

नई दिल्ली : रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने पैरामेडिकल स्टाफ भर्ती के लिए 11 मार्च 2026 को होने वाली परीक्षा की सिटी स्लिप जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार अपने क्षेत्रीय आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों पर जाकर अपनी सिटी स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं।
आरआरबी 12 और 13 मार्च 2026 को होने वाली परीक्षा के लिए सिटी इंटिमेशन स्लिप क्रमशः 3 और 4 मार्च को जारी की जाएगी। उम्मीदवार अपने पंजीकरण नंबर और पासवर्ड का उपयोग करके परीक्षा शहर की पर्ची डाउनलोड कर सकते हैं। शहर की सूचना पर्ची से उम्मीदवारों को अपने परीक्षा शहर और तिथि की जानकारी पहले से मिल जाती है, जिससे वे यात्रा की व्यवस्था उसके अनुसार कर सकते हैं।
Rrb paramedical city intimation slip 2026: डाउनलोड प्रक्रिया जानें
आरआरबी पैरामेडिकल स्टाफ एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से 4 दिन पहले जारी किया जाएगा। उम्मीदवारों को इसे केवल आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट से ही डाउनलोड करना होगा। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र का पता, रिपोर्टिंग समय, शिफ्ट का समय और सीबीटी के लिए निर्देश दिए गए हैं।
आरआरबी पैरामेडिकल स्टाफ भर्ती परीक्षा 11, 12 और 13 मार्च को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड के साथ दो मूल पहचान पत्र लाने होंगे, जिनमें आवेदन जमा करते समय इस्तेमाल किया गया फोटो पहचान पत्र भी शामिल है।