Santosh Kumar | July 24, 2025 | 03:55 PM IST | 2 mins read
फर्जी नोटिफिकेशन में कहा गया कि स्नातक स्तर के पदों के लिए आवेदन 30 अगस्त से शुरू होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 29 सितंबर तय की गई है।
नई दिल्ली: रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने हाल ही में सोशल मीडिया और अन्य अनौपचारिक माध्यमों पर प्रसारित एक फर्जी अधिसूचना के बारे में चेतावनी जारी की है, जिसमें दावा किया गया है कि आरआरबी एनटीपीसी 2025 के लिए 30,307 ग्रेजुएट लेवल की रिक्तियों की घोषणा की गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह जानकारी पूरी तरह से गलत और भ्रामक है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों से सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करने की अपील की है।
फर्जी नोटिफिकेशन में कहा गया था कि स्नातक स्तर के पदों के लिए आवेदन 30 अगस्त से शुरू होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 29 सितंबर तय की गई थी। आरआरबी प्रयागराज ने नोटिफिकेशन को पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक बताया है।
इसमें स्टेशन मास्टर, मालगाड़ी प्रबंधक, वरिष्ठ लिपिक, कनिष्ठ लेखा सहायक समेत कई पदों पर भर्तियां दिखाई गई हैं। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अभी तक ऐसी किसी भर्ती की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
आरआरबी ने भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे सभी उम्मीदवारों से आग्रह किया है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइटों के माध्यम से ही जानकारी प्राप्त करें और फर्जी वेबसाइटों या सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं से बचें।
एनटीपीसी भर्ती की फर्जी अधिसूचना में संबंधित विवरण नीचे दी गई तालिका में देखा जा सकता है-
पद का नाम | वेतन स्तर (7वां वेतन आयोग) | प्रारंभिक वेतन (₹) | चिकित्सकीय मानक | आयु सीमा (01.01.2025 को) | कुल रिक्तियां |
---|---|---|---|---|---|
मुख्य वाणिज्य सह टिकट पर्यवेक्षक | स्तर-6 | ₹35,400 | B2 | 18 से 36 वर्ष | 6,235 |
स्टेशन मास्टर | स्तर-6 | ₹35,400 | A2 | 18 से 36 वर्ष | 5,623 |
मालगाड़ी प्रबंधक | स्तर-5 | ₹29,200 | A2 | 18 से 36 वर्ष | 3,562 |
कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट | स्तर-5 | ₹29,200 | C1 | 18 से 36 वर्ष | 7,520 |
वरिष्ठ लिपिक सह टाइपिस्ट | स्तर-5 | ₹29,200 | C2 | 18 से 36 वर्ष | 7,367 |
कुल | 30,307 |
बता दें कि आरआरबी की ओर से आरआरबी एनटीपीसी 2024 ग्रेजुएट लेवल सीबीटी 1 परीक्षा के नतीजे जल्द ही घोषित किए जाएंगे। सीबीटी 1 परीक्षा 5 से 24 जून 2025 तक देश भर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी।