Saurabh Pandey | October 28, 2026 | 11:33 AM IST | 2 mins read
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने राजस्थान सेकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती रिजल्ट अंग्रेजी और उर्दू विषय के लिए जारी कर दिया है। इन विषयों की परीक्षाओं में शामिल होने वाले उम्मीदवार अब अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
.jpg)
नई दिल्ली : राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के लिए आयोजित वरिष्ठ शिक्षक प्रतियोगी परीक्षा-2025 के अंग्रेजी और उर्दू विषयों का परिणाम जारी कर दिया है। इन विषयों की परीक्षाओं में शामिल उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट rpsc.rajasthan.gov.in पर जाकर राजस्थान सेकंड ग्रेड रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
आरपीएससी सेकंड ग्रेड रिजल्ट पीडीएफ फॉर्मेट में उपलब्ध है, इसलिए उम्मीदवार इस डॉक्यूमेंट को खोलकर अपना रोल नंबर खोज सकते हैं। आयोग ने दोनों विषयों के रिजल्ट के साथ-साथ कटऑफ मार्क्स भी जारी कर दिया है।
आरपीएससी सेकंड ग्रेड रिजल्ट में उर्दू विषय के लिए गैर-अनुसूचित क्षेत्रों के लिए कुल 151 उम्मीदवारों को चुना गया है, जबकि अंग्रेजी विषय के लिए अनुसूचित क्षेत्रों के लिए 151 उम्मीदवारों और गैर अनुसूचित क्षेत्रों के 3562 उम्मीदवारों का चयन दस्तावेज सत्यापन के लिए किया गया है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह केवल दस्तावेज सत्यापन के उद्देश्य से जारी की गई प्रोविजनल सूची है। अंतिम रूप से सफल अभ्यर्थियों की मुख्य चयन सूची माध्यमिक शिक्षा विभाग, बीकानेर द्वारा दस्तावेजों की जांच के बाद जारी की जाएगी।
शॉर्टलिस्ट किए गए सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर जाकर 'My Recruitment - Detailed Form Cum Scrutiny - Apply Now' का चयन कर अपना विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भर सकते हैं। इसके लिए आयोग द्वारा लिंक 31 अक्टूबर 2026 से 6 नवंबर 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक) खुला रहेगा। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन फॉर्म जमा करने के बाद उसकी 2 प्रतियां प्रिंट करके रखनी होंगी, जिन्हें मूल दस्तावेजों और स्वयं सत्यापित प्रतियों के साथ विभाग द्वारा निर्धारित तिथि और स्थान पर प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
आयोग द्वारा जारी अधिसूचना में विशेष रूप से बताया गया है कि ओएमआर शीट में 10 प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में 5 विकल्पों में से कोई भी विकल्प दर्ज नहीं करने के कारण अभ्यर्थियों को अयोग्य ठहराया गया है। इस नियम के तहत अंग्रेजी विषय में 228 अभ्यर्थी और उर्दू विषय में 36 अभ्यर्थी अयोग्य घोषित किए गए हैं। इन अभ्यर्थियों के रोल नंबर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से उपलब्ध कराई गई है।
आयोग ने दोनों परीक्षाओं की श्रेणीवार कट-ऑफ भी जारी की है। उर्दू विषय में अनारक्षित श्रेणी के लिए कट-ऑफ अंक 255.30, ओबीसी के लिए 230.30 तथा ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 217.49 रहे हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग, बीकानेर द्वारा पात्रता जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद पात्र पाए गए अभ्यर्थियों के नामों की सिफारिश अंतिम चयन एवं नियुक्ति के लिए विभाग को भेजी जाएगी।
कुल 968 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद, 5 मई को मुख्य अंतिम परिणाम जारी किया गया, जिसमें 962 उम्मीदवारों का चयन किया गया। इसके अलावा, बोर्ड की हाल ही में हुई एक बैठक में प्रतीक्षा सूची का उपयोग करके शेष रिक्त पदों को भरने की मंजूरी दे दी गई है।
Santosh Kumar