Abhay Pratap Singh | May 15, 2026 | 06:39 PM IST | 2 mins read
एंटरप्रेन्योरशिप एंड न्यू वेंचर क्रिएशन प्रोफेशनल सर्टिफिकेट प्रोग्राम को एक इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से डायरेक्ट-टू-डिवाइस मोड के तहत संचालित किया जाएगा।

नई दिल्ली: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कोझिकोड (IIM Kozhikode) ने अपने ‘एंटरप्रेन्योरशिप एंड न्यू वेंचर क्रिएशन’ में प्रोफेशनल सर्टिफिकेट प्रोग्राम के 7वें बैच में प्रवेश की घोषणा की है। यह आठ महीने का ऑनलाइन कार्यक्रम है, जिसे तेजी से विकसित हो रही स्टार्टअप और नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था में शिक्षार्थियों को उद्यमिता कौशल विकसित करने में मदद करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
यूजीसी, एआईसीटीई, डीईसी, एआईयू या राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय अथवा संस्थान से स्नातक (UG) या डिप्लोमा प्राप्त उम्मीदवार, जिनके पास कम से कम एक वर्ष का कार्य अनुभव है, आवेदन करने के पात्र हैं। मूल्यांकन और निर्धारित उपस्थिति मानदंड को पूरा करने वाले प्रतिभागियों को आईआईएम कोझिकोड की ओर से प्रमाणपत्र (Certificate of Completion) प्रदान किया जाएगा।
आईआईएम कोझिकोड के निदेशक प्रो. देबाशीष चटर्जी ने कार्यक्रम की घोषणा पर कहा, “आज उद्यमिता केवल महत्वाकांक्षा तक सीमित नहीं है। इसके लिए अनुशासित सोच, बाजार की समझ और विचारों को मजबूत व्यवसाय में बदलने की क्षमता आवश्यक है। यह कार्यक्रम उद्यमशील सोच को बढ़ावा देने के प्रति आईआईएम कोझिकोड की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को मजबूत शैक्षणिक अनुभव, प्रैक्टिकल फ्रेमवर्क और भारत के तेजी से बढ़ते नवाचार इकोसिस्टम से जुड़ने का अवसर मिलेगा।”
इस पाठ्यक्रम को व्यवसायिक समझ विकसित करने के उद्देश्य से 10 शिक्षण मॉड्यूल में तैयार किया गया है। इनमें अकाउंटिंग एंड फाइनेंस, डेट एंड इक्विटी फाइनेंसिंग, एंटरप्रेन्योरियल मार्केटिंग, बाइंग एन एग्जिस्टिंग बिजनेस, ग्रोथ एंड फ्रेंचाइजिंग, कॉरपोरेट एंटरप्रेन्योरशिप, सोशल एंटरप्रेन्योरशिप, जैसे विषय शामिल हैं। यह कार्यक्रम अपना स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक लोगों, इंजीनियरिंग स्नातकों, सॉफ्टवेयर इंजीनियरों, आईटी पेशेवरों और कॉरपोरेट क्षेत्र से उद्यमिता की ओर कदम बढ़ाने वाले कार्यरत पेशेवरों के लिए उपयुक्त है।
प्रोफेशनल सर्टिफिकेट प्रोग्राम इन एंटरप्रेन्योरशिप एंड न्यू वेंचर क्रिएशन को डायरेक्ट-टू-डिवाइस मोड के तहत एक इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम की शिक्षण पद्धति में लाइव ऑनलाइन सत्र, लेक्चर, केस डिस्कशन, साझा शिक्षण अनुभव, बिजनेस प्लान तैयार करना, पिच प्रेजेंटेशन और वेब-आधारित सिमुलेशन शामिल होंगे, जिनमें टीमें कंपनियों की तरह संचालन और प्रतिस्पर्धा करेंगी।
टाइम्सप्रो के बिजनेस हेड – एग्जिक्यूटिव एजुकेशन श्रीधर नागराजाचार ने कहा, “भारत का उद्यमिता परिदृश्य ऐसे पेशेवरों के लिए नए अवसर पैदा कर रहा है, जो व्यवसायिक समझ को नवाचार और प्रभावी क्रियान्वयन के साथ जोड़ सकें। इस कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षार्थियों को उद्यम निर्माण, फाइनेंस, मार्केटिंग, सिमुलेशन और पिच डेवलपमेंट का अनुभव मिलेगा, जिससे वे स्पष्टता, आत्मविश्वास और रणनीतिक समझ के साथ उद्यमिता की ओर कदम बढ़ा सकेंगे।” अधिक जानकारी के लिए आईआईएम कोझिकोड की वेबसाइट www.iimk.ac.in पर विजिट कर सकते हैं।