Saurabh Pandey | May 25, 2026 | 08:38 PM IST | 2 mins read
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा HTET 2025 परीक्षा का आयोजन 13 और 14 जून, 2026 को किया जाएगा, जिसमें पारदर्शिता के लिए पहली बार PSU एजेंसी और प्रश्न पत्रों पर QR कोड जैसी एडवांस सुरक्षा तकनीकों का उपयोग होगा।

नई दिल्ली : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा हरियाणा शिक्षक पात्रता (HTET) परीक्षा का आयोजन 13 और 14 जून, 2026 को किया जाएगा, जिसमें पारदर्शिता के लिए पहली बार पीएसयू एजेंसी और प्रश्न पत्रों पर क्यूआर कोड जैसी एडवांस सुरक्षा तकनीकों का उपयोग होगा। एचटेट परीक्षा तीन स्तरों (PRT, TGT, PGT) पर आयोजित की जा रही है, जिसके लिए कोई अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है। विस्तृत सूचना बुलेटिन जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि राज्य सरकार ने इस परीक्षा को आयोजित करने की अनुमति दे दी है। इस बार HTET परीक्षा में 2.5 लाख से अधिक उम्मीदवारों के शामिल होने की संभावना है। खास बात यह है कि परीक्षा के इतिहास में पहली बार इसका आयोजन एक सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSU) एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा है। बोर्ड का कहना है कि परीक्षा व्यवस्था में यह संशोधित बदलाव पारदर्शिता बढ़ाने और पूरी प्रबंधन प्रक्रिया को अधिक मजबूत बनाने के लिए किया गया है।
बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, परीक्षा अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित होगी। सबसे पहले लेवल-3 (PGT) की परीक्षा 13 जून, 2026 को दोपहर बाद 3 बजे से शाम 5:30 बजे की शिफ्ट में ली जाएगी। इसके बाद अगले दिन, 14 जून, 2026 को सुबह की शिफ्ट में यानी 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक लेवल-2 (TGT) की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
इसी क्रम में, लेवल-1 (PRT) की परीक्षा भी 14 जून, 2026 को ही शाम की शिफ्ट में दोपहर बाद 3 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। इससे संबंधित विस्तृत इनफार्मेशन बुलेटिन जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।
नकल विहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड ने इस बार सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए हैं। डॉ. पवन कुमार के अनुसार, परीक्षा की निगरानी और ट्रेसेबिलिटी को बेहतर बनाने के लिए प्रश्न पत्रों पर QR कोड, अल्फा-न्यूमेरिक मार्किंग और हिडन (गुप्त) सुरक्षा फीचर्स का इस्तेमाल किया जाएगा।
बोर्ड अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी परीक्षा केंद्र से प्रश्न पत्र लीक होने की घटना होती है, तो मुख्यालय की टीम इस सुरक्षा प्रणाली के जरिए तुरंत उसके स्रोत (सोर्स) की पहचान कर लेगी। इसके अलावा, सभी परीक्षा केंद्रों पर हाई-सिक्योरिटी कैमरे और जैमर्स भी लगाए जाएंगे।
Also read RBI Assistant Prelims Result 2026: आरबीआई असिस्टेंट प्रीलिम्स रिजल्ट जारी, 7 जून को मुख्य परीक्षा
राज्य में सरकारी शिक्षण पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करना अनिवार्य है। यह परीक्षा तीन स्तरों पर आयोजित की जाती है, जिसमें प्राइमरी टीचर (PRT/लेवल-1), ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (TGT/लेवल-2) और पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT/लेवल-3) शामिल हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि HTET परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों के लिए कोई अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है।