Santosh Kumar | June 2, 2026 | 04:56 PM IST | 2 mins read
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 जून को शुरू होगी। उम्मीदवार 7 जुलाई को रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन जमा कर सकेंगे।

नई दिल्ली: केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने एएसआई पैरामेडिकल स्टाफ भर्ती 2026 के तहत फार्मासिस्ट, एक्स-रे टेक्नीशियन और लैब टेक्नीशियन के पदों के लिए रिक्तियों की घोषणा की है। इन पदों के लिए पुरुष और महिला, दोनों उम्मीदवार आवेदन करने के पात्र हैं। इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन 8 जून से कर सकते हैं। सीएसआईएफ भर्ती 2026 के लिए विस्तृत अधिसूचना जल्द ही जारी की जा सकती है।
इस भर्ती अभियान में एएसआई (फार्मासिस्ट) के लिए 18 पद, एएसआई (एक्स-रे टेक्नीशियन) के लिए 1 पद और एएसआई (लैब टेक्नीशियन) के लिए 5 पद शामिल हैं। चुने गए उम्मीदवारों को सीएसआईएफ की विभिन्न यूनिटों में तैनात किया जाएगा।
भर्ती कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 जून को शुरू होगी। उम्मीदवार 7 जुलाई को रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन जमा कर सकेंगे। यह भर्ती अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित की जाएगी।
एएसआई (फार्मासिस्ट) पद के लिए, आवेदकों के पास फार्मेसी में डिप्लोमा या डिग्री होनी चाहिए। एएसआई (एक्स-रे टेक्नीशियन) पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास रेडियोग्राफी में दो साल का डिप्लोमा होना अनिवार्य है।
एएसआई (लैब टेक्नीशियन) पद के लिए, मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी (एमएलटी) में दो साल का डिप्लोमा आवश्यक है। सभी पदों के लिए आयु सीमा 18 से 28 वर्ष है। आयु की गणना के लिए 7 जुलाई, 2026 को निर्णायक तिथि माना जाएगा।
एएसआई पैरामेडिकल स्टाफ भर्ती के लिए जनरल, ओबीसी और ईडबल्यूएस श्रेणियों के उम्मीदवारों को 100 रुपये का आवेदन शुल्क देना होगा। एससी, एसटी, महिला उम्मीदवारों और पूर्व सैनिकों के लिए कोई शुल्क है।
भुगतान और एसबीआई चालान जनरेशन की अंतिम तिथि 7 जुलाई है। एसबीआई चालान भुगतान का विकल्प चुनने वाले उम्मीदवार 9 जुलाई, 2026 तक अपना भुगतान पूरा कर सकते हैं। परीक्षा की तिथि अलग से घोषित की जाएगी।