Saurabh Pandey | July 7, 2026 | 07:52 PM IST | 2 mins read
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CGSSB) ने सैंपल असिस्टेंट और लैब असिस्टेंट पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 7 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन भर सकते हैं।

नई दिल्ली : छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB), रायपुर द्वारा खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अंतर्गत विभिन्न तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके तहत 'सैंपल असिस्टेंट', 'लैब असिस्टेंट (औषधि)' और 'लैब असिस्टेंट (खाद्य)' के रिक्त पदों पर आवेदन के इच्छुक और पात्र उम्मीदवार विभाग के आधिकारिक पोर्टल cgssb.cgstate.gov.in या vyapamcg.cgstate.gov.in पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की प्रक्रिया 7 जुलाई 2026 से शुरू कर दी गई है। उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म भरने के लिए 31 जुलाई 2026 तक का समय दिया गया है। यदि आवेदन करते समय किसी उम्मीदवार से कोई गलती हो जाती है, तो उसे सुधारने के लिए विभाग द्वारा त्रुटि सुधार की सुविधा भी दी जाएगी। उम्मीदवार 1 अगस्त 2026 से लेकर 3 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक अपने आवेदन फॉर्म में सुधार कर सकेंगे।
सीजीएसएसबी लैब असिस्टेंट (खाद्य) और लैब असिस्टेंट (औषधि), सैंपलिंग असिस्टेंट पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से विज्ञान संकाय (रसायन विज्ञान सहित) में हायर सेकंडरी (10+2) परीक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए। इसके साथ उम्मीदवारों की आयु 18 वर्ष से 30 वर्ष होनी चाहिए।
आवेदन करते समय सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित परीक्षा शुल्क का भुगतान ऑनलाइन बैंकिंग, कार्ड या यूपीआई के माध्यम से करना अनिवार्य होगा। हालांकि, छत्तीसगढ़ शासन के नियमों के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को एक विशेष राहत दी गई है। जो भी स्थानीय निवासी अभ्यर्थी इस लिखित परीक्षा में उपस्थित होंगे, उनका पूरा परीक्षा शुल्क बाद में वापस कर दिया जाएगा। यह रिफंड राशि सीधे उसी बैंक खाते में भेजी जाएगी, जिसका उपयोग अभ्यर्थी ने ऑनलाइन आवेदन के दौरान फीस चुकाने के लिए किया था।
सीजीएसएसबी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इस भर्ती की लिखित परीक्षा आगामी 20 सितंबर 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसके लिए प्रवेश पत्र 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। इस परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश के सभी 5 संभागीय जिला मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे, जहाँ अभ्यर्थी अपनी परीक्षा दे सकेंगे।