Santosh Kumar | June 25, 2026 | 10:53 AM IST | 1 min read
सीजी पीईटी काउंसलिंग प्रक्रिया चरणों में आयोजित की जाएगी और अगले चरण की काउंसलिंग तभी होगी जब पिछले चरण के बाद पर्याप्त सीटें खाली रह जाएंगी।

नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ डायरेक्टरेट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन (डीटीई) ने सीजी पीईटी 2026 काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है। राउंड 1 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस-फिलिंग की प्रक्रिया 30 जून से शुरू होगी और इसकी आखिरी तारीख 6 जुलाई है। योग्य उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट cgdte.admissions.nic.in के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।
सीजी पीईटी काउंसलिंग प्रक्रिया चरणों में आयोजित की जाएगी और अगले चरण की काउंसलिंग तभी होगी जब पिछले चरण के बाद पर्याप्त सीटें खाली रह जाएंगी। प्रत्येक चरण के लिए अभ्यर्थियों को अलग से आवेदन करना होगा।
सीट आवंटन अस्थायी होगा और प्रवेश से पहले संबंधित संस्थान में जाकर मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराना जरूरी होगा। सत्यापन के बाद ही अंतिम प्रवेश दिया जाएगा। एक अभ्यर्थी केवल एक ही ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।
यदि अभ्यर्थी राउंड 2 में भाग लेता है, तो उसका राउंड 1 का प्रवेश रद्द हो जाएगा। वहीं संस्था स्तर की काउंसलिंग में अभ्यर्थी एक संस्थान का चयन कर सकेगा, लेकिन उस संस्थान में उपलब्ध कई विषयों के विकल्प भर सकता है।
सीजी पीईटी काउंसलिंग शेड्यूल 2026 (इमेज-आधिकारिक वेबसाइट)
संस्था स्तर की काउंसलिंग के लिए आवेदन करने मात्र से पहले से लिया गया प्रवेश रद्द नहीं होगा, बल्कि नया प्रवेश लेने पर ही पुराना प्रवेश समाप्त होगा। सुविधा के लिए छुट्टी के दिनों में भी सुविधा केंद्र और संस्थान खुले रहेंगे।
सीजी पीईटी काउंसलिंग 2026 से जुड़ी किसी भी जानकारी, शिकायत या आपत्ति के लिए अभ्यर्थी तकनीकी शिक्षा संचालनालय के नियंत्रण कक्ष, हेल्पलाइन नंबर 0771-2221376 या ई-मेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।