Saurabh Pandey | August 25, 2026 | 11:51 AM IST | 2 mins read
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि इंटर और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म एवं शुल्क 25 अगस्त से 16 सितंबर 2026 तक भरे जाएंगे।

नई दिल्ली : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने बिहार बोर्ड मैट्रिक (10वीं) एवं इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2027 के लिए रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया आज 25 अगस्त से शुरू कर दी है। परीक्षा फॉर्म 16 सितंबर 2026 तक भरे जाएंगे। बिहार बोर्ड के छात्र खुद ऑनलाइन फॉर्म नहीं भरेंगे, बल्कि उनके शिक्षण संस्थान के प्रमुख की ओर से आवेदन प्रक्रिया पूरी की जाएगी
बिहार बोर्ड 12वीं का परीक्षा फॉर्म आधिकारिक वेबसाइट intermediate.biharboardonline.com और मैट्रिक का परीक्षा फॉर्म exam.biharboardonline.org के माध्यम से शिक्षण संस्थान के प्रमुख भरेंगे।
बिहार बोर्ड 10वीं, 12वीं के परीक्षा फॉर्म भरने की जिम्मेदारी स्कूल प्रमुख की होगी। शिक्षण संस्थान के प्रमुख आधिकारिक वेबसाइट seniorsecondary.biharboardonline.com से परीक्षा आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर उसे सभी रजिस्टर्ड विद्यार्थियों को उपलब्ध कराएंगे। परीक्षा फॉर्म दो प्रतियों में भरना होगा। एक प्रति शिक्षण संस्थान के प्रमुख के पास जमा होगी, जबकि दूसरी प्रति पर प्रिंसिपल के हस्ताक्षर, मुहर और तारीख लगाकर छात्र को पावती के रूप में वापस दिया जाएगा।
परीक्षा फॉर्म भरने से पहले विद्यार्थियों को अपने मूल प्रमाण पत्र से नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि, विषय सहित सभी विवरणों का मिलान जरूर कर लेना चाहिए ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो।
बिहार बोर्ड ने छात्रों के संपर्क विवरण को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए हैं। प्रत्येक विद्यार्थी के लिए मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी देना अनिवार्य है। एक विद्यार्थी के लिए केवल एक ही मोबाइल नंबर और एक ही ईमेल आईडी का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इसलिए छात्र और उनके अभिभावक फॉर्म भरवाते समय यह जरूर चेक कर लें कि संपर्क संबंधी जानकारी सही दर्ज हुई है।